प्रवचन सुनने मंदिर गई 12 साल की बच्ची हो गई थी लापता, 4 साल बाद मिली; पुलिस से बोली- पति को जेल नहीं भेजें

Updated:
विज्ञापन
थाना | Prabhat Khabar Network

थाना

शिकारपुर से 4 साल पहले मंदिर प्रवचन सुनने गई 12 वर्षीय नाबालिग मिली है. अब वह एक बच्चे की मां है और उसने पुलिस से अपने पति को जेल न भेजने की गुहार लगाई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

विज्ञापन

Narkatiaganj Minor Girl Recovered: शिकारपुर थाना क्षेत्र से वर्ष 2022 में कथित रूप से अपहृत हुई एक नाबालिग को पुलिस ने चार साल बाद बरामद कर लिया है. जिस समय उसके लापता होने की प्राथमिकी दर्ज हुई थी, उसकी उम्र 12 वर्ष बताई गई थी. अब बरामदगी के समय युवती एक बच्चे की मां है.

पुलिस ने मामले में नामजद आरोपी प्रमोद कुमार यादव को भी गिरफ्तार किया है. युवती को मेडिकल जांच और न्यायालय में बयान दर्ज कराने के लिए बेतिया भेजा गया है. पुलिस का कहना है कि आगे की कार्रवाई न्यायालय के निर्देश के अनुसार होगी.

मंदिर में प्रवचन सुनने गई थी, फिर नहीं लौटी

पुलिस के अनुसार, मामला 30 सितंबर 2022 का है. नाबालिग के चाचा ने शिकारपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया था कि उनकी 12 वर्षीय भतीजी गांव के मंदिर में प्रवचन सुनने गई थी, लेकिन इसके बाद घर नहीं लौटी.

परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली. इसके बाद शुरुआती तौर पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कराया गया था.

जांच आगे बढ़ी तो सामने आया प्रमोद का नाम

पुलिस जांच के दौरान प्रमोद कुमार यादव का नाम सामने आया. आरोप है कि वह शादी की नीयत से नाबालिग को अपने साथ लेकर चला गया था.

इसके बाद पुलिस दोनों की तलाश करती रही, लेकिन लंबे समय तक उनका पता नहीं चल सका. इस बीच मामले की जांच कर रहे तीन अनुसंधान अधिकारियों का तबादला भी हो गया.

नए जांच अधिकारी को मिला केस, फिर हुई बरामदगी

हाल ही में मामले की जांच एसआई जनार्दन कुमार को सौंपी गई. पुलिस के मुताबिक, उन्होंने तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए युवती को बरामद कर लिया.

इसी कार्रवाई में नामजद आरोपी प्रमोद कुमार यादव को भी गिरफ्तार किया गया.

युवती ने पुलिस को क्या बताया?

पुलिस पूछताछ में युवती ने बताया कि घर से निकलने के बाद वह आरोपी के साथ दूसरे राज्य चली गई थी. उसके अनुसार, दोनों ने वहां शादी कर ली और अब उनका एक बच्चा भी है.

पुलिस के मुताबिक, युवती ने यह भी कहा है कि वह नहीं चाहती कि उसका पति जेल जाए. हालांकि घटना के समय उसकी उम्र और मामले में दर्ज आरोपों को देखते हुए आगे की कानूनी प्रक्रिया न्यायालय के समक्ष दर्ज बयान और अन्य जांच के आधार पर तय होगी.

अब न्यायालय के बयान पर नजर

शिकारपुर के प्रभारी थानाध्यक्ष संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि बरामद युवती को मेडिकल जांच और न्यायालय में बयान दर्ज कराने के लिए बेतिया भेजा गया है.

वहीं, गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया गया है. अब युवती के न्यायालय में दर्ज होने वाले बयान और मामले से जुड़े साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.


विज्ञापन
सतीश कुमार पांडेय

लेखक के बारे में

By सतीश कुमार पांडेय

सतीश कुमार पांडेय ने वर्ष 2000 में जी न्यूज से पत्रकारिता की शुरुआत की. इन्होंने चर्चित दस्यु सरगनाओं की रिपोर्टिंग की. बाद में आज और दैनिक जागरण में कार्य किया. वर्ष 2016 से वें प्रभात खबर में कार्यरत हैं. इन्हें क्राइम, प्रशासनिक, राजनीतिक, सामाजिक तथा खेती-किसानी से जुड़ी खबरों में विशेष रुचि रही है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन