बच्चे घंटों मोबाइल-टीवी देखते हैं तो हो जाएं सावधान, डॉक्टर ने दी ऐसी चेतावनी

Updated:
विज्ञापन

स्वास्थ्य जांच शिविर में मौजूद चौधरी वर्ल्ड स्कूल के छात्र छात्राएं

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

मोबाइल और टीवी पर घंटों बिताने वाले बच्चों की आंखों के लिए डॉक्टर ने खास चेतावनी दी है. बैरिया प्रखंड में आयोजित स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम में 150 बच्चों की नेत्र और दंत जांच की गई, जहां बच्चों को आंखों और दांतों की देखभाल के महत्वपूर्ण उपाय बताए गए.

विज्ञापन

Bettiah News: बेतिया. नेत्रदान पखवाड़े के अवसर पर बिहार प्रदेश मारवाड़ी महिला समिति की बेतिया शाखा की ओर से बैरिया प्रखंड के सिसवा सरैया स्थित चौधरी वर्ल्ड स्कूल में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में विद्यालय के करीब 150 बच्चों का नेत्र एवं दंत परीक्षण कराया गया. चिकित्सकों ने बच्चों को आंखों और दांतों की देखभाल के उपाय बताए. साथ ही स्वस्थ जीवनशैली और नेत्रदान के महत्व को लेकर भी जागरूक किया गया.

विज्ञापन

Eye Dental Checkup: 150 बच्चों की हुई नेत्र और दंत जांच

कार्यक्रम के दौरान नगर के छावनी स्थित रामचंद्र नेत्रालय के डॉ राजीव गुप्ता ने बच्चों की आंखों की जांच की. वहीं दंत चिकित्सक डॉ कुंदन कुमार और डॉ अंजली ने बच्चों का दंत परीक्षण किया. जांच के दौरान चिकित्सकों ने बच्चों को नियमित स्वास्थ्य देखभाल के प्रति जागरूक किया और छोटी-छोटी सावधानियों के बारे में जानकारी दी.

पर्याप्त रोशनी में पढ़ने और स्क्रीन से दूरी रखने की सलाह

डॉ राजीव गुप्ता ने नेत्र स्वास्थ्य को लेकर विशेष जागरूकता सेमिनार भी आयोजित किया. उन्होंने कहा कि बच्चों को पर्याप्त रोशनी में पढ़ना चाहिए और किताब या कॉपी से उचित दूरी बनाकर रखनी चाहिए. मोबाइल, कंप्यूटर और टीवी का लंबे समय तक लगातार इस्तेमाल आंखों पर तनाव बढ़ा सकता है. इसलिए बीच-बीच में स्क्रीन से नजर हटाकर आंखों को आराम देना जरूरी है.

आंखों में परेशानी हो तो खुद से दवा न डालें

चिकित्सक ने बच्चों को आंखों को बार-बार हाथ से रगड़ने से बचने की सलाह दी. धूल-मिट्टी से आंखों की सुरक्षा रखने और लालिमा, दर्द, पानी आने या धुंधला दिखाई देने की स्थिति में खुद से दवा नहीं डालने को कहा. उन्होंने ऐसी परेशानी होने पर चिकित्सक से परामर्श लेने की सलाह दी. संतुलित आहार में हरी सब्जियां, मौसमी फल और विटामिन युक्त खाद्य पदार्थ शामिल करने पर भी जोर दिया.

सुबह-शाम ब्रश करने की बतायी सही आदत

दंत चिकित्सक डॉ कुंदन कुमार और डॉ अंजली ने बच्चों को दांतों की नियमित सफाई के महत्व के बारे में बताया. उन्होंने सही तरीके से ब्रश करने की जानकारी देते हुए सुबह-शाम ब्रश करने की सलाह दी. बच्चों को अत्यधिक मीठे पदार्थों से बचने और नियमित रूप से दंत चिकित्सक से जांच कराने के लिए भी प्रेरित किया गया.

चिकित्सकों और शिक्षकों को पौधे देकर किया सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान तीनों चिकित्सकों के साथ विद्यालय के छह शिक्षकों को ‘नेत्रदान महादान’ संदेश वाले स्टिकर लगे पौधे भेंट कर सम्मानित किया गया. समिति की ओर से स्वास्थ्य जागरूकता के साथ लोगों को नेत्रदान के लिए भी प्रेरित किया गया. कार्यक्रम ने बच्चों में नेत्र एवं दंत स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ समाज में नेत्रदान का महत्वपूर्ण संदेश पहुंचाया. मौके पर चौधरी वर्ल्ड स्कूल के ट्रस्टी राजेश कुमार चौधरी, वीणा चौधरी, सीए रोहित चौधरी, प्रिंसिपल स्वाति अग्रवाल समेत विद्यालय के सभी सदस्य मौजूद रहे.

यह भी पढ़ें: बेतिया में भाजपा-RSS के खिलाफ कांग्रेस का विरोध मार्च, राहुल गांधी पर FIR वापस लेने की मांग

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन