नरकटियागंज के स्कूलों में 70% से अधिक छात्र उपस्थिति जरूरी, बीईओ ने प्रधान शिक्षकों को दिए सख्त निर्देश
संबोधित करते बीइओ
नरकटियागंज प्रखंड के स्कूलों में शैक्षणिक व्यवस्था सुधारने के लिए प्रधान शिक्षकों की बैठक हुई. बीईओ ने 70% छात्र उपस्थिति, समय पर पाठ्यक्रम पूरा करने और अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए.
West Champaran News: नरकटियागंज. प्रखंड क्षेत्र के विद्यालयों में शैक्षणिक व्यवस्था बेहतर बनाने, छात्र उपस्थिति बढ़ाने और अनुशासन बनाए रखने को लेकर गुरुवार को प्रधान शिक्षकों की गुरु गोष्ठी हुई. रेलवे प्रवेशिका प्लस टू विद्यालय के सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता बीईओ डॉ. संजय कुमार सिंह ने की. दो पालियों में हुई बैठक में विद्यालय संचालन, पठन-पाठन, छात्र उपस्थिति और नामांकन समेत कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गयी. बीईओ ने सभी विद्यालयों में 70 प्रतिशत से अधिक विद्यार्थियों की उपस्थिति हर हाल में सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
70 प्रतिशत से अधिक छात्र उपस्थिति पर जोर
बीईओ डॉ. संजय कुमार सिंह ने कहा कि विद्यालयों में विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना जरूरी है. इसके लिए प्रधान शिक्षकों को अभिभावकों से लगातार संपर्क करने और बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित करने का निर्देश दिया गया.
उन्होंने कहा कि स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने के लिए केवल विद्यालय स्तर पर प्रयास पर्याप्त नहीं है. अभिभावकों को भी लगातार जागरूक करना होगा.
समय पर पूरा कराएं पाठ्यक्रम
गुरु गोष्ठी में निर्धारित समय के अनुसार पठन-पाठन पूरा कराने पर विशेष जोर दिया गया. बीईओ ने प्रधान शिक्षकों को समय सारणी और स्कूल कैलेंडर तैयार कर उसके अनुसार पाठ्यक्रम पूरा कराने का निर्देश दिया.
उन्होंने कहा कि किसी शिक्षक की ओर से कक्षा लेने से इन्कार करने की स्थिति में प्रधान शिक्षक विवाद में न पड़ें और तुरंत इसकी सूचना दें. मामले में विद्यालय पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
विद्यालय की गरिमा और अनुशासन बनाए रखने की हिदायत
बैठक में विद्यालय परिसर में अनुशासन को लेकर भी स्पष्ट निर्देश दिये गये. बीईओ ने कहा कि किसी भी शिक्षक को विद्यालय परिसर में सिगरेट, पान या खैनी का सेवन नहीं करना चाहिए.
इसके साथ ही सभी शिक्षकों और कर्मियों को ड्रेस कोड तथा सामाजिक मर्यादा का पालन करने की हिदायत दी गयी. विद्यालय का वातावरण ऐसा होना चाहिए, जिससे विद्यार्थियों के बीच अनुशासन और सकारात्मक व्यवहार की भावना विकसित हो.
सरकारी स्कूलों में नामांकन बढ़ाने पर जोर
प्रधान शिक्षकों को अभिभावकों से संपर्क कर सरकारी विद्यालयों में उपलब्ध बेहतर शैक्षणिक व्यवस्था की जानकारी देने को कहा गया. इसका उद्देश्य अधिक से अधिक बच्चों को सरकारी स्कूलों से जोड़ना और नामांकन बढ़ाना है.
बीईओ ने विद्यालयों की शैक्षणिक गुणवत्ता और विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाने के लिए लगातार अभिभावक संपर्क अभियान चलाने पर जोर दिया.
छमाही परीक्षा से लेकर पोषण माह तक दिशा-निर्देश
बैठक में छमाही परीक्षा की तैयारियों, बाढ़ प्रभावित विद्यालयों की स्थिति, पोषण माह और स्वच्छता पखवाड़ा को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये.
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के विद्यालयों में विद्यार्थियों की सुरक्षा और शैक्षणिक व्यवस्था पर नजर रखने को कहा गया. साथ ही पोषण और स्वच्छता से जुड़े कार्यक्रमों को विद्यालय स्तर पर प्रभावी तरीके से संचालित करने का निर्देश दिया गया.
सभी प्रधान शिक्षक रहे मौजूद
गुरु गोष्ठी में अनिल तिवारी, डॉ. अरविंद कुमार तिवारी, धारनीकांत मिश्र, जयप्रकाश सागर, मनीष राव, लेखापाल विवेकानंद, सुधार मिश्र और संजय यादव समेत प्रखंड क्षेत्र के सभी प्रधान शिक्षक मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: अक्टूबर में फिर गुलजार होगा वाल्मीकिनगर, जंगल सफारी शुरू होते ही उमड़ेंगे सैलानी
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए