योगदान के एक सप्ताह बाद भी नए शिक्षा अधिकारियों को नहीं मिला संभाग, जिला शिक्षा कार्यालय में सैकड़ों फाइलें अटकीं

जिला शिक्षा कार्यालय, बेतिया
बेतिया में शिक्षा विभाग के दो नए अधिकारियों के योगदान के एक हफ्ते बाद भी संभागों का आवंटन नहीं हो सका है. इससे करीब दो हफ्तों से महत्वपूर्ण कार्य रूटीन में हो रहे हैं. सैकड़ों फाइलें अटकी होने से शिक्षक और अन्य लोग निराश लौट रहे हैं.
Bettiah News: जिला शिक्षा कार्यालय में नए शिक्षा अधिकारियों के योगदान के करीब एक सप्ताह बाद भी उनके बीच संभागों का आवंटन नहीं हो सका है. इसका असर कार्यालय के कामकाज पर साफ दिखाई दे रहा है. पिछले करीब दो सप्ताह से खाली पड़े संभागों का संचालन केवल रूटीन व्यवस्था के सहारे किया जा रहा है.
तबादले के बाद भी नहीं हुआ कार्य विभाजन
करीब दो सप्ताह पहले माध्यमिक शिक्षा एवं समग्र शिक्षा अभियान संभाग की डीपीओ गार्गी कुमारी तथा स्थापना संभाग के डीपीओ कुमार अनुभव का तबादला किया गया था.
इसके बाद अखिल वैभव ने 6 जुलाई और दीपक कुमार सिन्हा ने 7 जुलाई को योगदान भी दे दिया. इसके बावजूद अब तक दोनों अधिकारियों के बीच कार्य एवं संभाग का औपचारिक आवंटन नहीं हो पाया है.
सैकड़ों फाइलों का निस्तारण प्रभावित
संभागों का आवंटन लंबित रहने से जिला शिक्षा कार्यालय के कई महत्वपूर्ण कार्य प्रभावित हो रहे हैं. सैकड़ों संचिकाओं का निस्तारण नहीं हो पा रहा है, जिससे शिक्षक-शिक्षिकाओं और अन्य संबंधित लोगों को निराश होकर कार्यालय से लौटना पड़ रहा है.
कार्यालय में कई प्रशासनिक मामलों के निष्पादन की रफ्तार भी धीमी पड़ गई है.
डीएम के निर्णय का इंतजार
जिला शिक्षा कार्यालय के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, संभागों का आवंटन जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) के प्रस्ताव के आधार पर जिला प्रशासन द्वारा किया जाता है.
बताया गया कि जिला शिक्षा पदाधिकारी राजन कुमार की ओर से संचिका के माध्यम से प्रस्ताव भेज दिया गया है. अब अंतिम निर्णय के लिए जिला पदाधिकारी की स्वीकृति का इंतजार किया जा रहा है.
यह भी पढ़ें: पहले शादी का झांसा, फिर कोर्ट मैरिज... अब 5 लाख दहेज नहीं देने पर घर से निकालने का आरोप
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By रवि 'रंक'
90 के दशक में विद्यार्थी जीवन से ही रवि 'रंक' के आलेख, निबंध, संस्मरण और कविताएं क्षेत्रीय पत्र पत्रिकाओं के लिए लिखते रहे हैं. हिंदी विषय में स्नातकोत्तर योग्यताधारी रवि 'रंक' ने दैनिक हिंदुस्तान के पटना से प्रकाशित उत्तर बिहार संस्करण के साथ जनवरी 2001 से अपनी पत्रकारिता शुरु की. फरवरी 2020 में हिंदुस्तान से अलग होकर प्रभात खबर के पश्चिम चंपारण संस्करण में बतौर जिला मुख्यालय संवाददाता के रूप में पदस्थापित हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










