मैनाटांड़ में चारु मजूमदार की शहादत दिवस पर भाकपा माले का संकल्प दिवस, आंदोलन तेज करने का ऐलान

Updated:
विज्ञापन
फोटो | Prabhat Khabar Network

मैनाटांड़ में भाकपा माले ने कॉमरेड चारु मजूमदार की 54वीं शहादत दिवस पर संकल्प दिवस मनाया। पार्टी ने बुलडोजर कार्रवाई और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है.

विज्ञापन

Mainatand News: मैनाटांड़ में भाकपा माले के संस्थापक महासचिव कॉमरेड चारु मजूमदार की 54वीं शहादत दिवस पर मंगलवार को संकल्प दिवस मनाया गया. इस अवसर पर पूर्व विधायक वीरेंद्र गुप्ता सहित पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विभिन्न गांवों में चारु मजूमदार के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी. इसके बाद संकल्प सभाओं का आयोजन किया गया.

कार्यक्रम मैनाटांड़, चिउटाहा बेलवा टोला, सिंहपुर, रमपुरवा, धोबनी, बास्ठा और बरवा परसौनी समेत कई गांवों में आयोजित हुआ.

जन आंदोलनों को तेज करने की कही बात

संकल्प सभा को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक वीरेंद्र गुप्ता ने कहा कि पार्टी बुलडोजर कार्रवाई और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ अपने आंदोलन को और तेज करेगी. उन्होंने कहा कि भाकपा माले गरीबों और वंचितों के अधिकारों की लड़ाई आगे भी मजबूती से लड़ती रहेगी.

सरकार पर लगाए आरोप

वीरेंद्र गुप्ता ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार के कार्यकाल में लोकतांत्रिक अधिकारों पर दबाव बढ़ा है. उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों में लोग मानवीय गरिमा और जनवादी अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं.

उन्होंने हाल में छात्रों के आंदोलनों का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया और बिना किसी अपराध के उन्हें जेल भेजा गया. उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी इसका विरोध करती है.

जनहित के संघर्षों को समर्थन देने का संकल्प

सभा में मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जनहित से जुड़े सभी आंदोलनों का समर्थन करने तथा जनता की एकता और जनवादी चेतना को मजबूत करने का संकल्प लिया.

कार्यक्रम में अच्छेलाल राम, इंद्रदेव कुशवाहा, सीताराम राम, अब्दुल खैर, जुलकरनैन सहित बड़ी संख्या में भाकपा माले के कार्यकर्ता उपस्थित रहे.


विज्ञापन
Ranjit Kumar Pate

लेखक के बारे में

By Ranjit Kumar Pate

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन