नरकटियागंज में बारिश से आफत: सड़कों पर घुटने भर पानी और कीचड़ का अंबार, नरक जैसी बनी जिंदगी

नहर किनारे कीचड़, सफाई कार्य कृषि बाजार रोड | Prabhat Khabar Network
नरकटियागंज में लगातार बारिश ने नगर परिषद की सफाई व्यवस्था की पोल खोल दी है. वार्ड 3, 4 और 11-13 पूरी तरह जलमग्न हो चुके हैं, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त है. साठी बेलवा नहर के मलबे से उठ रही बदबू ने जीना दुश्वार कर दिया है.
Waterlogging Monsoon Crisis: पश्चिम चंपारण जिले के नरकटियागंज में बुधवार की देर शाम और गुरुवार को हुई झमाझम बारिश ने नगरवासियों की मुश्किलें बेहद बढ़ा दी हैं. मानसून की इस बारिश ने नगर परिषद के ड्रेनेज सिस्टम और सफाई व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है. शहर के कई वार्ड इस समय पूरी तरह जलमग्न हो चुके हैं, जिससे आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है.
वार्ड 3 और 4 में जलजमाव, कृषि बाजार रोड पूरी तरह कीचड़मय
बारिश के बाद वार्ड संख्या 3 स्थित कृषि बाजार रोड और वार्ड संख्या 4 नंदपुर में सड़कों पर भारी जलजमाव और कीचड़ से हालात बदतर हो गए हैं. सबसे खराब स्थिति कृषि बाजार रोड की है, जो पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो चुकी है. इस रास्ते से आने-जाने वाले लोगों, खासकर सब्जी की खरीदारी करने आने वाले व्यवसायियों और किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय निवासी गोनु यादव, अशोक कुमार, सुमित कुमार और ललन प्रसाद ने बताया कि यहां बड़े गोदाम हैं और चुनाव के समय तमाम अधिकारी आते हैं, लेकिन आज तक सड़क नहीं बनी. इस वजह से स्कूल जाने वाले बच्चों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
साठी बेलवा नहर के मलबे और बदबू से जीना मुहाल
नगरवासियों के लिए सबसे बड़ी मुसीबत साठी बेलवा नहर के किनारे निकाला गया मलबा बन गया है. वार्ड संख्या 11 से लेकर वार्ड संख्या 13 तक नहर की सड़क किनारे भारी कीचड़ होने से आवागमन पूरी तरह ठप होने की कगार पर है. हाई स्कूल के पास से प्रकाश नगर जाने वाली सड़क की स्थिति सबसे ज्यादा दयनीय है. नहर किनारे रहने वाले लोग मलबे से आ रही तेज बदबू से बेहाल हैं. न्यायालय लिपिक संजीव तिवारी, व्यवसायी कन्हैया अग्रवाल, कृष्णा शुक्ला और बैद्यनाथ प्रसाद ने कहा कि बदबू के कारण घर में बैठना मुश्किल हो गया है.
नगर परिषद की तैयारी फेल, लोगों में भारी आक्रोश
इस बदहाली को लेकर स्थानीय लोगों में जल संसाधन विभाग और नगर परिषद प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश है. हालांकि, गुरुवार को नगर परिषद की ओर से जेसीबी और बॉब कट मशीन लगाकर कचरा व मलबा उठाने का काम शुरू किया गया, लेकिन जलजमाव और कीचड़ के व्यापक फैलाव के आगे यह प्रयास नाकाफी साबित हो रहा है. सही तरीके से सफाई न होने से लोगों की नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










