Champaran Exam Confusion: स्कूलों में आज से त्रैमासिक परीक्षा,संसाधनों की कमी और दो पालियों को लेकर असमंजस

राजन कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी
पश्चिम चंपारण में आज से शुरू हो रही त्रैमासिक परीक्षा को लेकर असमंजस की स्थिति है. कई स्कूलों में भवन, कक्षा और बुनियादी संसाधनों की भारी कमी है. प्रश्नपत्र डाउनलोड और प्रिंट करने की समस्या भी बढ़ गई है.
Champaran Exam Confusion: पश्चिम चंपारण जिले के सुबह की पाली में संचालित प्रारंभिक सरकारी विद्यालयों में आज 7 जुलाई मंगलवार से शुरू हो रही प्रथम त्रैमासिक परीक्षा को लेकर असमंजस की स्थिति है.बिहार शिक्षा परियोजना परिषद के निर्देशानुसार यह परीक्षा दो पालियों में आयोजित होनी है.लेकिन जिले के करीब दो दर्जन से अधिक विद्यालय ऐसे हैं,जहां भवन,अतिरिक्त कक्षाओं और बुनियादी संसाधनों की भारी कमी है.ऐसे में परीक्षा का सफल संचालन करना विद्यालय प्रबंधन और प्रधानाध्यापकों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है.
प्रश्नपत्र डाउनलोड करने और प्रिंटिंग को लेकर बढ़ी चिंता
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार,पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक आयोजित होगी.परीक्षा शुरू होने से ठीक पहले प्रश्नपत्र ई-शिक्षा कोष पोर्टल पर अपलोड किए जाएंगे.ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों के सामने परीक्षा से ऐन पहले प्रश्नपत्र डाउनलोड करने,पर्याप्त प्रतियां प्रिंट करने और उन्हें समय पर विद्यार्थियों तक पहुंचाने की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है.इन इलाकों में इंटरनेट कनेक्टिविटी और प्रिंटर की अनुपलब्धता बड़ी बाधा है.
दिशा-निर्देश न मिलने से संशय,अधिकारियों ने दिया आश्वासन
जिले के कई स्कूल पहले से ही दो पालियों में चल रहे हैं.वहां नियमित कक्षाओं के साथ परीक्षा कराना आसान नहीं होगा.शिक्षकों का कहना है कि जिला शिक्षा कार्यालय से संचालन को लेकर अब तक कोई स्पष्ट दिशा-निर्देश नहीं मिला है.मामले में नवनियुक्त जिला शिक्षा अधिकारी राजन कुमार ने बताया कि उन्होंने एक दिन पूर्व ही पदभार ग्रहण किया है.आज से शुरू हो रही परीक्षा से जुड़ी तमाम व्यावहारिक समस्याओं और कठिनाइयों के निदान के लिए कार्यालय अवधि में आवश्यक पहल की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










