रात तक फोन पर हुई थी बात, देर शाम क्लीनिक की पांचवीं मंजिल पर मिला शव... परिजनों ने उठाए कई सवाल

Updated:
विज्ञापन
घटनास्थल पर जांच करती पुलिस

घटनास्थल पर जांच करती पुलिस

बेतिया के एक निजी क्लीनिक में सोमवार को 22 वर्षीय युवती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से हड़कंप मच गया। परिजनों ने क्लीनिक स्टाफ पर हत्या का आरोप लगाया है, जिसके बाद पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।

विज्ञापन

Bettiah News: नगर थाना क्षेत्र के हॉस्पिटल रोड स्थित एक निजी क्लीनिक की पांचवीं मंजिल पर सोमवार को 22 वर्षीय युवती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई. मृतका की पहचान शेखौना मठ पटवारी टोला वार्ड संख्या-46 निवासी जोखू पासवान की पुत्री ममता कुमारी (22) के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई.

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शव के गले पर निशान होने की बात सामने आई है. हालांकि मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस ने अभी नहीं की है.


पांच साल से क्लीनिक में कर रही थी काम

परिजनों के मुताबिक ममता पिछले करीब पांच वर्षों से उसी निजी क्लीनिक में कार्यरत थी.

करीब तीन वर्ष पहले उसकी शादी हुई थी, लेकिन बाद में पति से तलाक हो गया. इसके बाद वह मायके में रहकर नौकरी कर रही थी.

रात में हुई थी आखिरी बातचीत

मृतका के पिता जोखू पासवान और बहन रीता देवी ने बताया कि रविवार रात ममता से उनकी आखिरी बार फोन पर बात हुई थी.

सोमवार को काफी देर तक संपर्क नहीं होने पर रीता देवी उसे खोजते हुए क्लीनिक पहुंचीं. उनका आरोप है कि वहां मौजूद स्टाफ और चिकित्सकों ने बताया कि ममता अस्पताल से जा चुकी है.

तलाश के दौरान पांचवीं मंजिल पर मिला शव

परिजनों का कहना है कि जब उन्होंने क्लीनिक में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज दिखाने की मांग की तो वे खुद अस्पताल के अलग-अलग तलों पर ममता की तलाश करने लगे.

आरोप है कि ग्राउंड फ्लोर से लेकर पांचवीं मंजिल तक खोजबीन के दौरान एक कमरे में बेड और दीवार के बीच जमीन पर गद्दे से ढका शव मिला. गद्दे के नीचे से हाथ का अंगूठा दिखाई देने पर शक हुआ. गद्दा हटाने पर शव ममता का निकला.

इसके बाद परिजनों ने शोर मचाया, जिससे क्लीनिक में अफरातफरी का माहौल बन गया.

परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

मृतका की बहन रीता देवी ने आरोप लगाया कि क्लीनिक के कर्मियों ने गला दबाकर ममता की हत्या की है.

परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है. यह आरोप परिजनों की ओर से लगाए गए हैं, जिनकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है.

एफएसएल टीम जुटी, पुलिस ने जांच शुरू की

घटना की सूचना पर नगर थानाध्यक्ष धीरज कुमार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया.

इसके बाद डीएसपी-1 अजीत कुमार एफएसएल टीम के साथ मौके पर पहुंचे और वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कराई.

फिलहाल पुलिस अधिकारियों ने मामले के कारणों या जांच की दिशा पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही मौत के कारणों और अन्य तथ्यों पर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.


विज्ञापन
आलोक अगस्टीन

लेखक के बारे में

By आलोक अगस्टीन

आलोक अगस्टीन ने वर्ष 2004 से पत्रकारिता में सक्रिय रहने के साथ पत्रकारिता व जनसंचार में माखनलाल से स्नातक तथा स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी की हैं. नोएडा के साधना एकेडमी ऑफ मीडिया स्टडीज से फोटो एंड वीडियो जर्नलिज्म में डिप्लोमा के पश्चात 2015 में बेतिया प्रभात खबर से जुड़कर अबतक कार्य कर रहे हैं. इसके पूर्व बेतिया में ही हिन्दुस्तान के साथ साथ पटना के अनेक स्थानीय चैनलों में रिपोर्टर की भूमिका निभाई है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन