बेतिया के कालीबाग में घर के अंदर खौफनाक वारदात, सो रही 55 वर्षीय महिला का गला रेता, दो उंगलियां भी काटीं

Updated:
विज्ञापन
WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

बेतिया में 55 वर्षीय महिला की घर में सोते समय बेरहमी से हत्या. गला रेतने के बाद दो उंगलियां काटकर सिर के पास रखीं. आखिर किसने और क्यों किया कत्ल? पुलिस सीसीटीवी और एफएसएल साक्ष्यों से जांच में जुटी.

विज्ञापन

Bettiah Crime News: बेतिया शहर के कालीबाग थाना क्षेत्र के हरिहरनगर वार्ड-5 स्थित नोनिया टोली में बुधवार की अहले सुबह घर के अंदर सो रही 55 वर्षीय महिला बच्ची देवी की बेरहमी से गला रेतकर हत्या कर दी गयी. हत्या का तरीका देखकर पुलिस भी कई बिंदुओं पर जांच कर रही है. महिला के गले पर धारदार हथियार से वार किया गया. इतना ही नहीं, उनके बाएं हाथ की दो उंगलियां भी काट दी गयीं और उन्हें सिर के पास रख दिया गया. दाएं हाथ पर भी धारदार हथियार से जख्म के निशान मिले हैं. सुबह-सुबह घर के अंदर हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गयी.

विज्ञापन

बहू और पोती के साथ सोई थीं बच्ची देवी

घटना का पता करीब चार बजे चला. उस समय घर के सदस्य गहरी नींद में थे. बच्ची देवी के साथ कमरे में उनकी बहू अंजू देवी और पोती स्वीटी कुमारी सोयी थीं. अचानक अंजू देवी ने परिवार की अन्य महिलाओं को जगाया और बताया कि मां के साथ कुछ हो गया है. इसके बाद परिजन बच्ची देवी के कमरे में पहुंचे. बिस्तर पर महिला पड़ी थीं और चेहरे पर कपड़ा ढका हुआ था.

चेहरे से कपड़ा हटाते ही मचा कोहराम

परिजनों ने महिला के चेहरे से कपड़ा हटाया तो सामने का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गये. बच्ची देवी का गला रेता हुआ था. बाएं हाथ की दो उंगलियां कटी हुई थीं. दोनों कटी उंगलियां महिला के सिर के पास रखी मिलीं. वहीं दाएं हाथ पर भी धारदार हथियार से चोट के निशान थे. इसके बाद घर में चीख-पुकार मच गयी. कुछ ही देर में आसपास के लोग भी वहां पहुंचने लगे. घटना की सूचना पुलिस को दी गयी. सूचना मिलते ही कालीबाग थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को देखा. पुलिस ने कमरे में मौजूद सामान, बिस्तर और आसपास के स्थानों की जांच की.

दो मंजिला मकान में अलग-अलग कमरों में सो रहा था परिवार

मृतका बच्ची देवी स्व. काशी महतो की पत्नी थीं. उनके पति का करीब तीन वर्ष पूर्व निधन हो चुका है. परिजनों के अनुसार, परिवार पक्के के दो मंजिला मकान में रहता है. मकान में पांच कमरे हैं. चार भाइयों में तीन विवाहित हैं, जबकि एक अविवाहित है. परिवार के सदस्यों के लिए अलग-अलग कमरे हैं. घटना के समय परिवार के सभी सदस्य अपने-अपने कमरों में सो रहे थे. बच्ची देवी एक कमरे में बहू अंजू देवी और पोती स्वीटी कुमारी के साथ सोयी थीं. सुबह अंजू देवी ने देवरानी पूजा देवी और सुमन कुमारी को जगाकर घटना की जानकारी दी. इसके बाद परिवार के अन्य सदस्य भी वहां पहुंचे.सबसे बड़ा सवाल यह है कि घर के अंदर महिला की हत्या हो गयी और परिवार के दूसरे सदस्यों को इसकी भनक तक नहीं लगी. पुलिस इसी बिंदु को भी जांच का अहम हिस्सा मानकर आगे बढ़ रही है.

तीन माह पहले हुई थी मोबाइल चोरी, फिर लगवाये गये थे CCTV कैमरे

परिजनों के अनुसार, करीब तीन माह पहले इसी घर में मोबाइल चोरी की घटना हुई थी. इसके बाद मकान में सीसीटीवी कैमरे लगवाये गये थे. महिला की हत्या के बाद पुलिस के सामने ये कैमरे भी महत्वपूर्ण साक्ष्य बन गये हैं. पुलिस घर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. फुटेज के जरिये यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि रात में घर के आसपास कौन-कौन आया या गया था. साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि घटना के समय किसी संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधि कैमरे में कैद हुई है या नहीं.

घटनास्थल पर जाँच करती पुलिस  रोते बिलखते परिजन | Prabhat Khabar Network
घटनास्थल पर जाँच करती पुलिस | Prabhat Khabar Network

बाहर से आया हत्यारा या घर के अंदर का कोई व्यक्ति, हर एंगल पर जांच

हत्या के बाद पुलिस कई बिंदुओं को जोड़कर जांच कर रही है. सबसे पहले यह पता लगाने की कोशिश है कि आरोपी घर में कैसे पहुंचा. अगर हत्यारा बाहर से आया था तो घर में प्रवेश और बाहर निकलने के दौरान सीसीटीवी में उसकी तस्वीर कैद हुई या नहीं. दूसरी ओर, परिवार के सभी सदस्यों के घटना के समय मौजूद होने और उनकी गतिविधियों की भी जानकारी ली जा रही है. पुलिस हत्या के पीछे किसी पुरानी रंजिश, संपत्ति या अन्य विवाद समेत सभी संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है. हालांकि, अभी हत्या के कारण को लेकर पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गयी है.

उंगली काटना और गला रेतना, क्या अंधविश्वास से जुड़ा है मामला?

बच्ची देवी की हत्या में जिस तरह गला रेता गया और बाएं हाथ की दो उंगलियां काटकर सिर के पास रखी गयीं, उससे घटना को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं. क्या हत्या के पीछे किसी तरह का अंधविश्वास या तंत्र-मंत्र से जुड़ा कारण है, पुलिस इसकी भी जांच कर रही है. हालांकि, फिलहाल पुलिस ने हत्या के पीछे अंधविश्वास या तंत्र-मंत्र की पुष्टि नहीं की है. जांच में सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और परिजनों से पूछताछ के आधार पर वारदात की वजह सामने आने की उम्मीद है.

पुलिस बोली- एफएसएल टीम के साथ चल रही जांच

एसडीपीओ अजीत कुमार ने बताया कि कालीबाग थाना क्षेत्र के हरिहरनगर वार्ड-5 में महिला की हत्या की सूचना मिली है. एफएसएल एवं पुलिस टीम घटनास्थल पर जांच कर रही है. पुलिस मामले में अग्रेतर कार्रवाई में जुटी है. फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और परिवार के सदस्यों से पूछताछ के आधार पर हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी है. सुबह घर के अंदर हुई इस वारदात ने आसपास के लोगों को भी सकते में डाल दिया है.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन