मिड-डे मील में कीड़ा मिलने की शिकायत पर छात्रों से मारपीट, स्कूल में जमकर हंगामा
पश्चिम चंपारण के बैरिया मध्य विद्यालय में मध्याह्न भोजन में कथित तौर पर कीड़ा मिलने और शिकायत करने पर छात्रों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. आक्रोशित छात्रों ने विद्यालय परिसर में जमकर हंगामा किया और विरोध प्रदर्शन किया.
बेतिया: मध्य विद्यालय बैरिया में शुक्रवार को मध्याह्न भोजन में कथित तौर पर कीड़ा मिलने और शिकायत करने पर छात्रों के साथ मारपीट के आरोप को लेकर जमकर हंगामा हुआ. छात्रों ने विद्यालय से प्रखंड मुख्यालय और बीआरसी कार्यालय तक प्रदर्शन किया तथा प्रधानाध्यापक के खिलाफ नारेबाजी की.
छात्रों ने शिक्षकों पर लगाया अमानवीय व्यवहार का आरोप
छात्रों ने प्रधानाध्यापक उत्तम कुमार, शिक्षिका तूलिका कुमारी समेत अन्य शिक्षकों पर अमानवीय व्यवहार का आरोप लगाया. छात्रों का कहना था कि मध्याह्न भोजन में अक्सर कीड़ा मिलता है और अंडा के बदले जबरन सस्ता फल दिया जाता है.
छात्रों के अनुसार, शुक्रवार को भोजन में कीड़ा मिलने की शिकायत करने पहुंचे छात्रों की कथित तौर पर शिक्षकों ने पिटाई कर दी.
छात्र ने शिक्षिका पर छड़ी से पीटने का लगाया आरोप
कक्षा आठ के छात्र रंगीला ने आरोप लगाया कि शिक्षिका तूलिका कुमारी ने मोटी छड़ी से उसकी पिटाई की, जिससे वह लहूलुहान हो गया और उसका इलाज कराना पड़ा.
छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत करने पर टीसी देकर स्कूल से निकालने और करियर पर लाल स्याही लगाने की धमकी दी जाती है.
प्लेटें नाले में फेंककर जताया विरोध
आक्रोशित छात्रों ने विद्यालय की प्लेटें निकालकर नाले में फेंक दीं. कुछ प्लेटें तोड़कर भी विरोध जताया. इसके बाद छात्रों ने विद्यालय से प्रखंड मुख्यालय और बीआरसी कार्यालय तक प्रदर्शन किया.
मामले में माले नेता सुरेंद्र चौधरी, सांसद प्रतिनिधि प्रमोद सिंह समेत कई नेताओं ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को पत्र देकर जांच कराने और प्रधानाध्यापक पर कार्रवाई की मांग की है.
जांच के बाद होगी उचित कार्रवाई
प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी हाफिजुर रहमान ने बताया कि मध्याह्न भोजन प्रभारी को भेजकर मामले की जांच करायी जा रही है. रिपोर्ट आने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें
मधुबनी में फर्जी क्लीनिकों पर कार्रवाई, दो बंद और एक अस्पताल सील करने का आदेश
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए