अभियान बसेरा-2 के तहत पश्चिम चंपारण के 891 परिवारों को मिलेगा बासगीत पर्चा

Author Awadh kishore|Edited by Sarfaraz Ahmad
Updated:
विज्ञापन
प्रतीकात्मक AI तस्वीर

प्रतीकात्मक AI तस्वीर

पश्चिम चंपारण में अभियान बसेरा-2 के तहत भूमिहीन जरूरतमंद परिवारों को आवास के लिए जमीन उपलब्ध कराई जा रही है. स्वतंत्रता दिवस पर 891 चयनित लाभार्थियों को बासगीत पर्चा वितरित किया जाएगा.

विज्ञापन

Bettiah News: पश्चिम चंपारण जिले में भूमिहीन जरूरतमंद परिवारों को आवासीय जमीन उपलब्ध कराने के लिए अभियान बसेरा-2 के तहत तैयारी तेज कर दी गई है. स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चयनित लाभार्थियों के बीच बासगीत पर्चा वितरित किया जाएगा. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी 15 अगस्त को ऑनलाइन माध्यम से राज्यभर के लाभार्थियों को बासगीत पर्चा उपलब्ध कराएंगे.

जिले में 891 लाभार्थियों का चयन होगा

राज्य सरकार ने अभियान बसेरा-2 के तहत पूरे बिहार में 20 हजार जरूरतमंद परिवारों को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा है. इसमें पश्चिम चंपारण जिले के लिए 891 लाभार्थियों के चयन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है.

इसके लिए सभी अंचलों के अंचल अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं.

यह भी पढ़ें: योगापट्टी में दो निजी नर्सिंग होम सील, शिकायत के बाद स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई

प्रत्येक लाभार्थी को मिलेगी तीन डिसमिल जमीन

अपर समाहर्ता राजीव रंजन सिन्हा ने बताया कि अभियान बसेरा-2 के तहत पात्र परिवारों का सर्वेक्षण पहले ही कराया जा चुका है. उसी सर्वे सूची के आधार पर लाभार्थियों का चयन किया जाएगा, ताकि समय पर बासगीत पर्चा तैयार कर 15 अगस्त को वितरण सुनिश्चित किया जा सके.

उन्होंने बताया कि योजना के तहत प्रत्येक पात्र लाभार्थी को तीन डिसमिल आवासीय भूमि उपलब्ध कराई जाएगी. चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी अंचल अधिकारियों को पूर्व सर्वे सूची को ही आधार बनाने का निर्देश दिया गया है.

अंचल अधिकारियों को दिए गए निर्देश

अपर समाहर्ता ने बताया कि चयनित लाभार्थियों की सूची और पर्चा वितरण की तैयारियों की अद्यतन जानकारी अनुमंडल पदाधिकारी के माध्यम से उनके कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं.

उन्होंने यह भी बताया कि मंगलवार को जिले की 44 पंचायतों में आयोजित सहयोग शिविर संपन्न होने के बाद हाल ही में स्थानांतरित किए गए सभी अंचल अधिकारियों को विरमित करने का निर्देश दिया गया है.

उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार के आदेश पर पश्चिम चंपारण जिले के नौ अंचल अधिकारियों का हाल ही में दूसरे जिलों में स्थानांतरण किया गया है. नए अधिकारियों की पदस्थापना तक आवश्यक कार्यों के सुचारु संचालन के लिए भी संबंधित अधिकारियों को जरूरी व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं.


विज्ञापन
Awadh Kishore

लेखक के बारे में

By Awadh Kishore

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन