बेगूसराय में डीडीसी की मनमानी के खिलाफ जिला परिषद अध्यक्ष का अनिश्चितकालीन धरना शुरू

Updated:
विज्ञापन

धरना देते पार्षद

Begusarai News : बेगूसराय में डीडीसी पर भेदभाव का आरोप लगाते हुए जिला परिषद अध्यक्ष और पार्षदों ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया। विकास राशि के समान वितरण की मांग की गई है।

विज्ञापन

Begusarai News : बेगूसराय जिला परिषद अध्यक्ष सुरेंद्र पासवान ने शुक्रवार से उप विकास आयुक्त पर मनमानी और भेदभाव का आरोप लगाते हुए जिला परिषद कार्यालय में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया. उनके साथ कई जिला परिषद सदस्य भी धरने पर बैठे हैं. अध्यक्ष ने षष्टम वित्त आयोग मद की राशि का सभी जिला परिषद सदस्यों के बीच समान रूप से वितरण करने की मांग की है.

आपके शहर में

विज्ञापन

8 करोड़ की राशि के वितरण में भेदभाव का आरोप

जिला परिषद अध्यक्ष सुरेंद्र पासवान ने आरोप लगाया कि बिहार सरकार से वित्तीय वर्ष 2025-26 में षष्टम वित्त आयोग मद के तहत जिला परिषद को करीब 8 करोड़ रुपये की राशि मिली है. आरोप है कि इस राशि से कुछ चुनिंदा जिला परिषद सदस्यों के क्षेत्रों की योजनाओं को प्रशासनिक स्वीकृति दे दी गई है, जबकि अन्य सदस्यों के क्षेत्रों की उपेक्षा की गई. उन्होंने कहा कि षष्टम वित्त आयोग से प्राप्त राशि सभी जिला परिषद सदस्यों के बीच बराबर-बराबर वितरित की जानी चाहिए. जब तक उनकी इस मांग पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा.

जिला परिषद सदस्यों ने भी लगाए उपेक्षा के आरोप

जिला परिषद क्षेत्र संख्या 26 की सदस्य पुष्पा कुमारी ने आरोप लगाया कि उनके क्षेत्र में योजनाओं की स्वीकृति जानबूझकर नहीं दी गई है. उन्होंने कहा कि वह महादलित परिवार से आती हैं और इसी कारण उनके साथ भेदभाव किया जा रहा है. वहीं, गढ़पुरा क्षेत्र संख्या 11 की जिला परिषद सदस्य किरण कुमारी ने भी अपने क्षेत्र की योजनाओं को लेकर दोहरी नीति अपनाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि अब इस तरह की नीति बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

बैठक को लेकर भी जताई नाराजगी

धरने पर बैठे बखरी क्षेत्र के जिला परिषद सदस्य अमित कुमार देव ने आरोप लगाया कि उप विकास आयुक्त के कार्यकाल में जिला परिषद अध्यक्ष और सदस्यों को लगातार परेशान किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि जिला परिषद अध्यक्ष ने बैठक आयोजित करने के लिए उप विकास आयुक्त को तीसरी बार पत्र दिया था. उन्होंने कहा कि बैठक के लिए 20 सितंबर की तिथि निर्धारित की गई थी. निर्धारित समय पर जब जिला परिषद अध्यक्ष और सदस्य बैठक में शामिल होने के लिए सभागार पहुंचे, तो उन्हें यह कहकर बाहर जाने को कहा गया कि वहां दूसरी बैठक चल रही है और उन्हें बाद में आने को कहा गया. इसके बाद नाराज सदस्य जिला परिषद अध्यक्ष के साथ बाहर निकल गए और धरने पर बैठ गए.

मांग नहीं मानी तो धरना जारी रखने की चेतावनी

जिला परिषद सदस्य अमित कुमार देव ने कहा कि जिला परिषद अध्यक्ष की मांगों को स्वीकार कर लिया जाता है तो धरना समाप्त किया जा सकता है. अन्यथा आंदोलन जारी रहेगा. उन्होंने आगे धरना तेज करने और उग्र प्रदर्शन की भी चेतावनी दी. धरने में जिला परिषद अध्यक्ष सुरेंद्र पासवान के अलावा जिला परिषद सदस्य अमित कुमार देव, नीतीश कुमार, मनमोहन महतो, पुष्पा कुमारी, किरण कुमारी, निरुपमा कुमारी सहित अन्य जिला परिषद सदस्य और समर्थक मौजूद रहे.

Also Read : सच्चिदानंद सिन्हा कॉलेज में फार्मेसी के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए इंडक्शन मीट आयोजित


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन