बेगूसराय में देशी बंदूक के साथ युवक गिरफ्तार, मजदूरी मांगने गए व्यक्ति पर तान दी थी हथियार

शेरपुर गांव में मजदूरी मांगने गए युवक पर बंदूक तानने के आरोप में एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान संजय कुमार के रूप में हुई है. पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा.
बेगूसराय: नीमाचांदपुरा थाना क्षेत्र के शेरपुर गांव में पुलिस ने रविवार को छापेमारी कर देशी बंदूक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार युवक की पहचान शेरपुर निवासी सत्तन महतो के करीब 25 वर्षीय पुत्र संजय कुमार के रूप में हुई है. कार्रवाई की पुष्टि नीमाचांदपुरा थानाध्यक्ष विवेक कुमार ने की है.
मजदूरी मांगने गए युवक पर तानी थी बंदूक
बताया जाता है कि शनिवार की दोपहर शेरपुर निवासी स्व. जगदीश सदा के पुत्र नीरज कुमार अपनी मजदूरी का पैसा मांगने सत्तन महतो के घर गया था. इसी दौरान आरोपित संजय कुमार ने उस पर बंदूक तान दी. इसके बाद नीरज ने शोर मचाते हुए घटना की सूचना नीमाचांदपुरा थाना पुलिस को दी.
छत से कूदकर भागने की कोशिश, पुलिस ने दबोचा
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष विवेक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस को देखते ही आरोपित संजय कुमार अपने घर की छत से कूदकर भागने का प्रयास करने लगा. हालांकि पुलिस जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया.
तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी बंदूक बरामद की गई. पुलिस ने हथियार को जब्त कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया.
दहशत फैलाने का आरोप
स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि संजय कुमार अक्सर हथियार लहराकर इलाके में दहशत फैलाता था और फायरिंग जैसी घटनाओं को भी अंजाम देता था. पुलिस अब उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है.
न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा आरोपी
थानाध्यक्ष विवेक कुमार ने बताया कि आरोपित से पूछताछ की जा रही है. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा. पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है.
इसे भी पढ़ें: बंटी यादव मर्डर केस: पीड़ित परिवार से मिले खेसारी लाल यादव, बोले- पुलिस असली तस्करों को नहीं पकड़ पाती
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










