बेगूसराय में जन्माष्टमी मेला देखकर लौट रहे 10वीं के छात्र की गोली लगने से मौत, तेघड़ा बाजार में सड़क जाम
गोली से घायल छात्र को अस्पताल ले जाते हुए परिजन
जन्माष्टमी मेले की रौनक मातम में बदली, जब तेघड़ा में मेला देखकर लौट रहे 10वीं के छात्र को गोली मार दी गई. विवाद देखने के दौरान हुई घटना में छात्र की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया.
Janmashtami Mela Murder: जन्माष्टमी मेले की रौनक के बीच बेगूसराय के तेघड़ा में मंगलवार की देर रात हुई फायरिंग ने एक परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं. मेला देखकर घर लौट रहा 10वीं कक्षा का छात्र दो पक्षों के बीच हो रहे विवाद को देखने के लिए मौके पर रुक गया. इसी दौरान चली गोली की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया. अस्पताल ले जाने के दौरान उसकी मौत हो गयी.
घटना तेघड़ा थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-13 स्थित बजलपुरा गांव की बतायी जा रही है. मृतक 16 वर्षीय छात्र था.
झगड़ा देखने के दौरान चली गोली
परिजनों के अनुसार, छात्र गांव के समीप आयोजित जन्माष्टमी मेला देखकर देर रात घर लौट रहा था. रात करीब दो बजे वह मक्की मस्जिद के आगे साहू भवन के समीप पहुंचा. वहां दो पक्षों के बीच झगड़ा हो रहा था. छात्र भी वहां रुककर विवाद देखने लगा.
इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच किसी ने गोली चला दी. गोली छात्र के सीने में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. गोली चलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गयी और विवाद में शामिल लोग वहां से फरार हो गये.
गोली की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल छात्र को तेघड़ा अनुमंडलीय अस्पताल ले गये. वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे रेफर कर दिया. परिजन उसे सदर अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गयी.
परिजनों ने कहा, किसी से नहीं था विवाद
परिजनों का कहना है कि छात्र की किसी से कोई दुश्मनी या विवाद नहीं था. वह पढ़ाई करता था और गांव में ही रहता था. परिजनों के अनुसार, वह पिछले चार सितंबर से रोजाना गांव के समीप लगने वाला जन्माष्टमी मेला देखने जा रहा था.
घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है.
आक्रोशित ग्रामीणों ने तेघड़ा बाजार की सड़क जाम की
छात्र की मौत की खबर फैलते ही बुधवार सुबह परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा. लोगों ने तेघड़ा बाजार की सड़क जाम कर दी और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की.
सड़क जाम के कारण कुछ समय तक आवागमन प्रभावित रहा. ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से घटना में शामिल लोगों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की.

एसपी और डीएसपी ने की घटनास्थल की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गयी. सदर डीएसपी इमरान अहमद सदर अस्पताल पहुंचे और परिजनों से घटना की जानकारी ली. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की.
वहीं, एसपी मनीष ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच-पड़ताल की. एफएसएल की टीम ने भी घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाये.
पुलिस घटना के कारणों और गोली चलाने वाले व्यक्ति की पहचान के लिए तकनीकी एवं वैज्ञानिक तरीके से जांच कर रही है. संदिग्धों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है.

मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
जन्माष्टमी मेला देखकर लौट रहे छात्र की गोली लगने से मौत के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. ग्रामीणों का कहना है कि मेले के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है. ऐसे में विवाद के दौरान फायरिंग की घटना चिंता का विषय है.
घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस लगातार गश्त कर रही है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए