मजदूर पिता की बेटी जानवी ने रचा कमाल, अब बिहार की जर्सी में दिखायेगी फुटबॉल का दम

Updated:
विज्ञापन

जानवी कुमारी

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

बरौनी की जानवी कुमारी ने सीमित संसाधनों और कठिन पारिवारिक परिस्थितियों के बावजूद फुटबॉल में अपना मुकाम बनाया है. उनका चयन बिहार जूनियर महिला फुटबॉल टीम में हुआ है, जो कई लड़कियों के लिए प्रेरणा है.

विज्ञापन

Bihar Junior Women's Football Team: मेहनत और लगन के सामने संसाधनों की कमी भी बाधा नहीं बन सकती. इसका उदाहरण बरौनी-एक पंचायत की जानवी कुमारी ने पेश किया है. सीमित संसाधनों और कठिन पारिवारिक परिस्थितियों के बीच फुटबॉल का अभ्यास करने वाली जानवी अब बिहार की जर्सी में अपना दमखम दिखायेगी. उसका चयन बिहार जूनियर महिला फुटबॉल टीम में हुआ है.

विज्ञापन

यमुना भगत स्टेडियम में नियमित अभ्यास करने वाली जानवी ने अपने प्रदर्शन के दम पर यह मुकाम हासिल किया. उसके बिहार टीम में चयन की खबर मिलते ही परिवार और गांव में खुशी का माहौल है. स्थानीय स्तर पर अभ्यास से शुरू हुआ उसका सफर अब राज्य स्तरीय टीम तक पहुंच गया है.

140 खिलाड़ियों के बीच दिखाया दम

जूनियर बालिका फुटबॉल टीम के चयन के लिए नौ अगस्त को यमुना भगत स्टेडियम में ट्रायल आयोजित किया गया था. इसमें पूरे बिहार से करीब 140 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया. ट्रायल में बेहतर प्रदर्शन करने वाली 40 खिलाड़ियों को प्रशिक्षण शिविर के लिए चुना गया.

इसके बाद 27 अगस्त से पांच सितंबर तक प्रशिक्षण शिविर आयोजित हुआ. शिविर में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर 20 सदस्यीय बिहार टीम का चयन किया गया. इस टीम में जानवी कुमारी ने भी जगह बनाई.

चार बहनों में तीसरे नंबर पर है जानवी

जानवी चार बहनों में तीसरे नंबर पर है. उसके पिता सुशील दास कोलकाता में मजदूरी करते हैं, जबकि उसकी मां तेघड़ा अस्पताल में निजी स्तर पर सफाई का काम करती हैं. परिवार की सीमित आर्थिक परिस्थितियों के बावजूद जानवी ने फुटबॉल के प्रति अपनी लगन को जारी रखा और नियमित रूप से स्टेडियम में अभ्यास करती रही.

उसकी सफलता ने यह दिखाया है कि प्रतिभा को सही मेहनत और अवसर मिले तो सीमित संसाधनों के बावजूद खिलाड़ी बड़ी उपलब्धि हासिल कर सकते हैं.

आंध्र प्रदेश में झारखंड से होगा पहला मुकाबला

बिहार जूनियर महिला फुटबॉल टीम प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए आंध्र प्रदेश के अनंतपुर पहुंच चुकी है. टीम का पहला मुकाबला 11 सितंबर को झारखंड के खिलाफ होगा. अब बेगूसराय की जानवी बिहार की टीम की जर्सी पहनकर मैदान पर उतरेगी.

प्रशिक्षण शिविर की देखरेख बेगूसराय फुटबॉल संघ के सचिव सह बिहार फुटबॉल संघ के कोषाध्यक्ष मनोज कुमार शर्मा ने की. जानवी के चयन को जिले की महिला फुटबॉल प्रतिभाओं के लिए भी महत्वपूर्ण उपलब्धि के तौर पर देखा जा रहा है.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन