ePaper

Begusarai News : आज सीएम करेंगे 640 योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास

Updated at : 17 Jan 2025 9:51 PM (IST)
विज्ञापन
Begusarai News : आज सीएम करेंगे 640 योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास

Begusarai News : 18 जनवरी को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार प्रगति यात्रा पर बेगूसराय आयेंगे. इस दौरान 558 करोड़ 20 लाख रुपये से 640 योजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन किया जायेगा.

विज्ञापन

बेगूसराय. 18 जनवरी को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार प्रगति यात्रा पर बेगूसराय आयेंगे. इस दौरान 558 करोड़ 20 लाख रुपये से 640 योजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन किया जायेगा. मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सभी प्रशासनिक तैयारी पूरी कर ली गयी है. मुख्यमंत्री का हेलिकॉप्टर मटिहानी प्रखंड के मनिअप्पा गांव में उतरेगा. इस दौरान मुख्यमंत्री मनिअप्पा गांव में नवनिर्मित पंचायत सरकार भवन और खेल मैदान का उद्घाटन करेंगे. पंचायत में बने पोखर का निरीक्षण करेंगे. वहीं विभिन्न विभागों द्वारा लगाये गये स्टॉल का निरीक्षण भी करेंगे.

558 करोड़ 20 लाख रुपये से बेगूसराय का होगा विकास

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जीविका दीदी व ग्रामीणों से भी बात करेंगे. इसके बाद मुख्यमंत्री गुप्ता-लखमिनिया बांध का निरीक्षण करेंगे. इस दौरान बांध के चौड़ीकरण एवं रिंग बांध बनाएं जाने पर सहमति बन सकती है. गुप्ता-लखमिनिया बांध चौड़ीकरण कर बाइपास बनाये जाने से एनएच पर वाहनों का दबाव कम होगा. साथ ही दुर्घटनाओं में भी कमी आयेगी. मनिअप्पा से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का हेलीकॉप्टर सीधे शताब्दी मैदान मंझौल पहुंचेगा. इससे पूर्व सीएम कांवर झील का हवाई सर्वेक्षण भी करेंगे. मंझौल में नव-निर्मित 75 बेड का अनुमंडलीय अस्पताल उद्घाटन के बाद सड़क मार्ग से सदर प्रखंड सह अंचल कार्यालय का उद्घाटन करेंगे. इस दौरान सभी योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया जाना है. इसके बाद मुख्यमंत्री कारगिल भवन में विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक करेंगे. बैठक के बाद पुलिस लाइन से हेलीकॉप्टर से सीधे पटना के लिए रवाना हो जायेंगे.

समाहरणालय परिसर को किया गया चकाचक

मुख्यमंत्री प्रगति यात्रा के दौरान कारगिल भवन में विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक करेंगे. इसको लेकर कैंटीन चौक के पास से लेकर समाहरणालय परिसर की साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, रंग-रोगन आदि कार्य पूरा कर लिया गया है. वहीं कारगिल भवन के रेनोवेशन का काम भी पूरा कर लिया गया है. समाहरणालय में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर खास व्यवस्था की जा रही है.

इन 10 बड़ी योजनाओं का होगा उद्घाटन

प्रगति यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इन दस बड़ी योजनाओं का उद्घाटन करेंगे. बड़ी योजनाओं की बात करें तो 28 करोड़ 40 लाख से बने औद्योगिक प्रशिक्षण केंद्र बखरी के प्रशासनिक भवन, कर्मशाला भवन, स्टाप होस्टल, 100 बेड वाले बालक छात्रावास का उद्घाटन करेंगे. वहीं 18 करोड़ 41 लाख की राशि से बने सदर प्रखंड सह अंचल कार्यालय, 10 करोड़ 53 लाख से बने 75 बेड वाले अनुमंडलीय अस्पताल मंझौल, 7 करोड़ 69 लाख से बने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मटिहानी, 4 करोड़ 73 लाख से बने एनएच-31 लाखो से गुप्ता लखमिनिया बांध, 4 करोड़ 13 लाख से बने पीडब्लूडी से सिहमा बरारी बंदोबस्ती, 3 करोड़ 42 लाख से बेला बहुआरा मोइन का जीर्णोद्धार, 3 करोड़ 18 लाख से महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, 3 करोड़ 17 लाख से हांसपुर से सोनापुर सड़क मररमती कार्य एवं 2 करोड़ 42 लाख से बने औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान बलिया का उद्घाटन करेंगे.

इन 10 बड़ी योजनाओं का होगा शिलान्यास

प्रगति यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री इन दस बड़ी योजनाओं का शिलान्यास करेंगे. बड़ी योजनाओं में 89 करोड़ 84 लाख से बनने वाले दलसिंहसराय-कदराबाद-मालती पथ, 50 करोड़ 67 लाख से खिदिरचक में अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय, 10 करोड़ 92 लाख से बभनगामा पंचायत में जिलास्तरीय संसाधन एवं प्रशिक्षण केंद्र, 10 करोड़ 31 लाख से जिला परिषद कार्यालय के पास खेल भवन सह वयामशाला, 10 करोड़ 2 लाख से शवदाह गृह, 6 करोड़ 30 लाख से एएनएम स्कूल बछवाड़ा, 4 करोड़ 90 लाख से जीडी कॉलेज परिसर में 100 बेड वाले राजकीय कल्याण बालक छात्रावास, 4 करोड़ 87 लाख से सामुदायिक स्वच्छता परिसर गढ़पुरा, 4 करोड़ 83 लाख से मंझौल थाना भवन एवं 4 करोड़ 68 लाख से बनने वाले कटहरी पंचायत में सामुदायिक स्वच्छता परिसर का शिलान्यास किया जायेगा.

मुख्यमंत्री के आगमन पर इन रास्तों में जाने पर रहेगी रोक

प्रगति यात्रा पर 18 जनवरी को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बेगूसराय आएंगे. इसको लेकर सभी प्रशासनिक तैयारी पूरी कर ली गयी है. यातायात व्यवस्था को लेकर डीएम ने निर्देश जारी किया है. डीएम ने बताया कि गुप्ता-लखमिनिया बांध फेज-1 एवं फेज-2 में सुबह 09:00 बजे से दोपहर 01:00 बजे तक यातायात प्रभावित रहेगा. एसएच-55 सिउरी पुल से बेगूसराय एवं बेगूसराय से सिउरी पुल तक सुबह 11:30 बजे से 02:30 बजे तक यातायात प्रभावित रहेगा. मंझौल की ओर जाने के लिये गांधी चौक से वीरपुर वाले रास्ते का उपयोग करेंगे. वहीं मुंगेर से मंझौल जाने वाले बलिया से डंडारी का रास्ता उपयोग करेंगे. लोहियानगर आरओबी सुबह 10:00 बजे से शाम 04:00 बजे तक प्रभावित रहेगा. ट्रैफिक चौक से कचहरी तक का रास्ता दोपहर 01:00 बजे से शाम 04:00 बजे तक प्रभावित रहेगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन