बेगूसराय : जानकी एक्सप्रेस में पैर रखने की जगह नहीं, लोगों की अपील-रक्षाबंधन के मौके पर कोच बढ़ाए रेलवे
बखरी के सलौना स्टेशन पर उमड़ी यात्रियो की भीड़ | Prabhat Khabar Network
रक्षाबंधन पर्व पर सलौना रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ रही है, खासकर जयनगर-मनिहारी जानकी एक्सप्रेस में. भीड़ के कारण यात्रियों को भारी परेशानी हो रही है.
रक्षाबंधन पर्व को लेकर बेगूसराय जिले के बखरी स्थित सलौना रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ रही है. भाई-बहन के पवित्र त्योहार पर बड़ी संख्या में लोग अपने घरों और रिश्तेदारों के यहां जाने के लिए रेल यात्रा कर रहे हैं. इसके चलते स्टेशन पर सामान्य दिनों की अपेक्षा यात्रियों की संख्या काफी बढ़ गई है.
आपके शहर में
रक्षाबंधन को लेकर सबसे अधिक भीड़ जयनगर-मनिहारी जानकी एक्सप्रेस में देखने को मिल रही है. ट्रेन के स्टेशन पहुंचते ही यात्रियों में चढ़ने के लिए अफरातफरी जैसी स्थिति बन गई है. अत्यधिक भीड़ के कारण यात्रियों को ट्रेन में सवार होने से लेकर सफर करने तक काफी मशक्कत करनी पड़ रही है. कई यात्रियों को खड़े होकर लंबी दूरी तय करने को मजबूर होना पड़ रहा है.
यात्रियों का कहना है कि रक्षाबंधन जैसे पर्व के दौरान ट्रेनों में यात्रियों की संख्या अचानक बढ़ जाती है, लेकिन इसके अनुपात में अतिरिक्त कोच या विशेष ट्रेन की व्यवस्था नहीं होने से परेशानी बढ़ जाती है. सलौना स्टेशन से बड़ी संख्या में लोग विभिन्न क्षेत्रों के लिए यात्रा करते हैं. ऐसे में जानकी एक्सप्रेस में भीड़ के कारण बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
स्थानीय लोगों और नियमित यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से जयनगर-मनिहारी जानकी एक्सप्रेस में अतिरिक्त कोच लगाने की मांग की है. यात्रियों का कहना है कि पर्व के दौरान कुछ दिनों के लिए अतिरिक्त कोच की व्यवस्था होने से काफी राहत मिल सकती है.
रक्षाबंधन को लेकर बाजारों से लेकर रेलवे स्टेशनों तक चहल-पहल बढ़ गई है. दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले भाई-बहन त्योहार मनाने के लिए अपने घर पहुंच रहे हैं. इसी वजह से ट्रेनों में यात्रियों की संख्या बढ़ी है.
यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से अपील की है कि पर्व के मद्देनजर सलौना स्टेशन से गुजरने वाली ट्रेनों में अतिरिक्त कोच की व्यवस्था की जाए, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा मिल सके. स्थानीय लोगों ने विशेष रूप से जानकी एक्सप्रेस में भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त कोच अथवा स्पेशल ट्रेन चलाने की मांग उठाई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए