बेगूसराय : गड्ढे में मिला युवती का शव, 72 घंटे बाद हुआ अंतिम संस्कार; अब तक नहीं हो सकी पहचान
सांकेतिक तस्वीर
बेगूसराय जिले में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां गड्ढे से एक युवती का शव बरामद हुआ। हत्या कर साक्ष्य छिपाने की आशंका जताई जा रही है. 72 घंटे बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया, लेकिन पहचान अब भी बाकी है.
बेगूसराय जिले तेघड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत आधारपुर पंचायत के विनलपुर गुप्ता लखमिनियां बांध के पास 07 सितंबर की अहले सुबह गड्ढे से तैरता हुआ एक लगभग 25 वर्षीय लड़की का शव बरामद किया गया था.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेज दिया था और पोस्टमार्टम के उपरांत 72 घंटे के लिए बेगूसराय शव गृह में रखा गया था. इसके बाद कानूनी औपचारिकता पूरी कर मधुरापुर स्थित बोल्डर गंगा घाट पर अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की गई.
युवती की पहचान का प्रयास
तेघड़ा थानाध्यक्ष क्रांति रमन ने बताया कि अज्ञात युवती की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है. पहचान के लिए सभी थानों और आसपास के जिलों में संपर्क किया गया है. सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया था, लेकिन स्थानीय लोगों की भीड़ में से भी कोई पहचान नहीं कर सका.
हत्या कर साक्ष्य छिपाने की आशंका
मृतका के गले पर रस्सी के निशान दिखाई दे रहे थे और शव चादर व सतरंजी कपड़े में लपेटा हुआ था. वह कुर्ती-सलवार पहने थी, दोनों हाथों में मेहंदी लगी थी, एक हाथ में राखी तथा दूसरे में काला धागा बंधा था.
एसडीपीओ कृष्ण कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है. आशंका है कि घटना कहीं और हुई और साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव को यहां लाकर फेंका गया.
समीर हत्याकांड में पुलिस खाली हाथ
वहीं, मंगलवार की रात्रि अपराधियों के द्वारा किए गए नाबालिग दसवीं के छात्र मो समीर हत्याकांड में मृतक के भाई मुमताज द्वारा एक नामजद व दो अज्ञात पर केस दर्ज कराया गया था. घटना के 72 घंटे बीत जाने के बावजूद अपराधी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश का माहौल है.
नेताओं ने परिजनों को दिया ढाढ़स
मृतक के घर पहुंचकर भाकपा जिला मंत्री अवधेश राय, अतुल कुमार अंजान, पूर्व विधायक रामरतन सिंह और राजद जिलाध्यक्ष मोहित यादव ने परिवार को सांत्वना दी. साथ ही बेगूसराय एसपी से बात कर अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए