बेगूसराय: तेघड़ा शताब्दी मेले में दिव्यांगों की मिसाल, सेवा स्टॉल देख BDO ने की तारीफ; कही ये बात
शिविर में उपस्थित दिव्यांगजन | Prabhat Khabar Network
बेगूसराय के तेघड़ा शताब्दी जन्माष्टमी मेले में दिव्यांगों ने निःशुल्क पेयजल सेवा स्टॉल लगाकर मिसाल कायम की. प्रखंड विकास पदाधिकारी ने इस मानवीय सेवा की सराहना करते हुए भविष्य में इसे और व्यापक बनाने की घोषणा की.
Begusarai News: जिले के ऐतिहासिक तेघड़ा शताब्दी जन्माष्टमी मेले में जिले भर के दिव्यांगजनों द्वारा संचालित निःशुल्क शुद्ध एवं शीतल पेयजल सेवा स्टॉल का बुधवार को विधिवत समापन हुआ. इस मानवीय सेवा शिविर का समापन तेघड़ा प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ. भीषण गर्मी और भारी भीड़ के बीच मेले में पहुंचे लाखों श्रद्धालुओं की प्यास बुझाने के इस सेवा कार्य में बिहार एसोसिएशन ऑफ पर्सन्स विद डिसेबिलिटीज (बेगूसराय) और सरोकार दिव्यांग पुनर्वास केंद्र से जुड़े विभिन्न प्रखंडों व पंचायतों के दिव्यांग साथियों ने सक्रिय योगदान दिया.
बीडीओ की उपस्थिति से बढ़ा दिव्यांगों का उत्साह
सेवा शिविर के समापन अवसर पर संगठन के जिला अध्यक्ष जोशी कुमार ने कहा कि "हम लोग बेहद खुशनसीब हैं कि तेघड़ा के दिव्यांगजनों को ऐसे संवेदनशील प्रखंड विकास पदाधिकारी मिले हैं, जिनके मार्गदर्शन और सानिध्य से हम सभी अत्यंत गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं." उन्होंने आगे कहा कि "रात नौ बजे जब बीडीओ साहब हमारे स्टॉल पर पहुंचे और उन्होंने हमारे प्रयासों की सराहना की, तो उनके एक-एक शब्द ने यह अहसास कराया कि हमारा सेवा कार्य पूरी तरह सफल और सार्थक रहा है."
पूरे बिहार में अनूठी मिसाल है यह आयोजन: बीडीओ
दिव्यांगजनों के सेवा भाव और समर्पण को देखकर प्रखंड विकास पदाधिकारी ने उनकी मुक्तकंठ से प्रशंसा की. बीडीओ ने कहा कि "इस तरह का सेवा आयोजन केवल बेगूसराय में ही नहीं, बल्कि संभवतः पूरे बिहार में कहीं देखने को नहीं मिला होगा. आपके इस स्टॉल पर आकर मुझे अत्यधिक प्रसन्नता का अनुभव हो रहा है. आप सभी ने निष्काम भाव से कड़ी मेहनत की है." उन्होंने आगे जोड़ा कि "हम लोग अगले वर्ष इस पुनीत कार्य को और अधिक व्यापक और सुव्यवस्थित स्तर पर आयोजित करेंगे, ताकि इस परोपकार के कार्य का दायरा और बड़ा हो सके और यह कभी रुके नहीं."
कर्मठ दिव्यांगजनों ने निभाई अग्रणी भूमिका
इस जनसेवा अभियान को सफल बनाने में जिले के कर्मठ और समर्पित दिव्यांग कार्यकर्ताओं ने दिन-रात एक कर दिया. आयोजन को मुकाम तक पहुंचाने में मुख्य रूप से जिला मीडिया प्रभारी अजय कुमार साह, अनुमंडल अध्यक्ष धीरज कुमार, सक्षम जिला संयोजक संजय बंधु और जिला सचिव विपिन कुमार की भूमिका सराहनीय रही. इसके अलावा प्रखंड कमेटी के सदस्य रोहित कुमार, रामानंद, नीतीश कुमार और विकास कुमार सहित दर्जनों दिव्यांगजनों ने मेले के दौरान निरंतर सक्रिय रहकर श्रद्धालुओं की सेवा की.
Also Read: Barauni NTPC: मांगों को लेकर आर-पार के मूड में मजदूर, 10 सितंबर से गेट पर अनिश्चितकालीन धरना
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए