बेगूसराय: स्कूल के सामने जलजमाव से परेशान छात्र-छात्राओं ने घेरा प्रखंड कार्यालय, छह महीने से सड़क पर जमा है गंदा पानी

Updated:
विज्ञापन

स्कूल के सामने की सड़क पर जल जमाव को लेकर प्रखंड कार्यालय का घेराव करते स्कूली बच्चे

डंडारी क्षेत्र में स्कूल के सामने छह महीने से जलजमाव की समस्या से परेशान छात्रों का गुस्सा फुट पड़ा. सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने प्रखंड कार्यालय का घेराव कर अधिकारियों के सामने अपनी व्यथा रखी. गंदे पानी से स्कूल आना-जाना, फिसलकर गिरना और दुर्गंध से स्वास्थ्य पर खतरा बनी हुई है.

विज्ञापन

Begusarai school students protest: डंडारी प्रखंड क्षेत्र के बांक प्लस टू विद्यालय के सामने छह महीने से जलजमाव की समस्या से परेशान छात्र-छात्राओं का आक्रोश मंगलवार को सड़क पर उतर आया. सैकड़ों की संख्या में स्कूली बच्चे प्रखंड कार्यालय डंडारी पहुंचे और कार्यालय का घेराव कर अपनी समस्या अधिकारियों के सामने रखी. बड़ी संख्या में बच्चों को एक साथ देखकर अधिकारी भी कुछ देर के लिए हैरत में पड़ गए.

आपके शहर में

विज्ञापन

गंदे पानी से होकर स्कूल पहुंचते हैं बच्चे

छात्र-छात्राओं ने बताया कि विद्यालय के सामने मुख्य सड़क पर करीब छह महीने से जलजमाव है. गंदे पानी से होकर स्कूल पहुंचना पड़ता है. इस दौरान कई बच्चे फिसलकर गिर जाते हैं और जख्मी भी हो जाते हैं. साइकिल से आने वाले विद्यार्थियों को सबसे अधिक परेशानी होती है. जलजमाव के कारण पानी से दुर्गंध भी आती है, जिससे स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका बनी रहती है. बच्चों ने बताया कि गंदे पानी के कारण स्कूल ड्रेस भी रोज खराब हो जाती है.

शिक्षक और डिग्री कॉलेज के विद्यार्थी भी परेशान

छात्र-छात्राओं ने बताया कि विद्यालय परिसर में ही राजकीय डिग्री कॉलेज भी संचालित होता है. ऐसे में जलजमाव से स्कूली बच्चों के अलावा कॉलेज के विद्यार्थियों और शिक्षक-शिक्षिकाओं को भी रोज परेशानी का सामना करना पड़ता है. बच्चों का कहना था कि जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को कई बार समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक ठोस पहल नहीं हुई.

सड़क पर धनरोपनी कर जताया था विरोध

विद्यालय के सामने जलजमाव की समस्या को लेकर करीब एक माह पहले ग्रामीण युवकों ने भी अनोखे तरीके से विरोध जताया था. युवकों ने जलजमाव वाली सड़क पर धनरोपनी कर अपना आक्रोश प्रकट किया था. इसके बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है.

नाला निर्माण को लेकर भी है विवाद

ग्रामीणों के अनुसार, जल निकासी के लिए नाला निर्माण का कुछ लोग विरोध करते हैं. बगल में कमला नदी होने के कारण नाला बनने के बाद गंदा पानी नदी में जाने की बात कही जा रही है. ग्रामीणों का कहना है कि जिस स्थान पर जल निकासी की व्यवस्था की जानी है, वहां लोग छठ समेत अन्य धार्मिक अनुष्ठान भी करते हैं. इसी कारण नाला निर्माण को लेकर विरोधाभास की स्थिति बनी हुई है.

बीडीओ ने मोटर से जल निकासी का दिया आश्वासन

प्रखंड कार्यालय पहुंचे छात्र-छात्राओं की समस्या सुनने के बाद बीडीओ राजेश कुमार ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया. उन्होंने बताया कि इस संबंध में जिला परिषद अध्यक्ष से बातचीत हुई है और सड़क निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ चुकी है. सड़क बनने के बाद जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान होने की उम्मीद है. फिलहाल मोटर लगाकर पानी निकालने का आश्वासन दिया गया है.

बीडीओ ने बच्चों से अनुशासन में रहकर मन लगाकर पढ़ाई करने की अपील की. उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के लिए कागजी प्रक्रिया भी पूरी करनी होती है, इसलिए बच्चों को थोड़ा धैर्य बनाए रखना चाहिए.

बेगूसराय: पुरानी पेंशन की बहाली को लेकर कर्मचारियों ने निकाला जुलूस, समाहरणालय गेट पर किया प्रदर्शन

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन