बेगूसराय: पुरानी पेंशन की बहाली को लेकर कर्मचारियों ने निकाला जुलूस, समाहरणालय गेट पर किया प्रदर्शन
मांगों को लेकर प्रदर्शन करते कर्मचारी
पुरानी पेंशन की बहाली और संविदा कर्मियों को नियमित करने जैसी मांगों को लेकर बेगूसराय में सैकड़ों कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया. यह संघर्ष पुरानी पेंशन व्यवस्था की वापसी के लिए एकजुटता का प्रतीक है.
Begusarai pension protest: राज्य महासंघ के आह्वान पर बिहार राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ बेगूसराय के तत्वावधान में मंगलवार को सैकड़ों कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन की बहाली समेत विभिन्न मांगों को लेकर जुलूस निकाला. कर्मचारी भवन से निकला जुलूस शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए समाहरणालय गेट पहुंचा, जहां कर्मचारियों ने झंडा-बैनर के साथ प्रदर्शन किया. बाद में प्रदर्शन सभा में तब्दील हो गया. अध्यक्षता जिला उपाध्यक्ष शंकर मोची ने की.
आपके शहर में
पुरानी पेंशन को लेकर संघर्ष जारी रखने का आह्वान
सभा को संबोधित करते हुए महासंघ के जिला मंत्री मोहन मुरारी ने कहा कि यह प्रदर्शन केवल विरोध नहीं, बल्कि पुरानी पेंशन व्यवस्था की बहाली के लिए कर्मचारियों के संघर्ष और एकजुटता का प्रतीक है. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने जनवरी 2004 से और बिहार सरकार ने सितंबर 2005 से पुरानी पेंशन व्यवस्था समाप्त कर राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली लागू की है. उन्होंने इसे कर्मचारियों के साथ अन्याय बताया.
संविदा कर्मियों को नियमित करने समेत कई मांगें
कर्मचारी नेताओं ने ठेका और संविदा पर बहाल कर्मियों को नियमित करने, समान काम के लिए समान वेतन देने, न्यूनतम 26 हजार रुपये भुगतान करने, चारों लेबर कोड वापस लेने और आठवां वेतन आयोग लागू करने की मांग की. इसके अलावा 18 माह के बकाया डीए का भुगतान करने समेत अन्य मांगें भी उठायी गयीं.
12 दिसंबर की दिल्ली रैली में भाग लेने की अपील
महासंघ के नेताओं ने कर्मचारियों से अपनी मांगों के समर्थन में 12 दिसंबर को दिल्ली में आयोजित रैली में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया. सभा को राज्य उपाध्यक्ष जितेंद्र राय, सहायक जिला मंत्री अनिल कुमार गुप्ता, अनुसचिवीय कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष अजय कुमार, जिला मंत्री जितेंद्र कुमार, चिकित्सा संघ की जिला संयोजिका सविता कुमारी, सिंचाई कर्मचारी यूनियन के जिला मंत्री जयंत कुमार समेत अन्य नेताओं ने संबोधित किया.
मौके पर महासंघ के सम्मानित अध्यक्ष अजय कुमार सिन्हा, चतुर्थ वर्गीय कर्मचारी संघ के जिला मंत्री राजीव कुमार, चंद्रदेव सिंह, सरिता कुमारी, गौरव कुमार, नीरज कुमार सिन्हा, सुबोध कुमार, सदर अस्पताल विशेष शाखा की जिला अध्यक्ष निलुफा कुमारी, जिला सचिव संजीव कुमार सहित दर्जनों कर्मचारी और नेता मौजूद थे.
बेगूसराय में अवैध वसूली के खिलाफ वाहन चालकों का आक्रोश मार्च, बैरियर के नाम पर प्रतिदिन 350 रुपये से अधिक वसूली का आरोप
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए