सहरसा में प्रभात खबर के पत्रकार से मारपीट के विरोध में बेगूसराय में सड़क पर उतरे पत्रकार, DM को सौंपा ज्ञापन
विरोध मार्च में शामिल पत्रकार | Prabhat Khabar Network
सहरसा में प्रभात खबर डिजिटल के पत्रकार अभिषेक कुमार के साथ हुई मारपीट की घटना के विरोध में बेगूसराय के पत्रकार सड़क पर उतर आए. उन्होंने पत्रकारों की सुरक्षा और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की.
Journalist Assault Case : सहरसा में रेपोर्टिंग के दौरान प्रभात खबर डिजिटल के पत्रकार के साथ हुई मारपीट और बिहार में लगातार पत्रकारों पर हो रहे हमले के विरोध में सोमवार को बेगूसराय के पत्रकार सड़क पर उतर आए. बेगूसराय जिला पत्रकार संघ के बैनर तले बड़ी संख्या में पत्रकारों ने विरोध मार्च निकालकर पत्रकारों की सुरक्षा और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की.
विरोध मार्च का नेतृत्व शालिग्राम सिंह, विजय कुमार, धनंजय कुमार झा, सुधांशु पाठक और गुलशन कुमार ने किया. मार्च हड़ताली चौक से शुरू होकर अस्पताल चौक, नगर थाना चौक और कचहरी चौक होते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचा. यहां पत्रकारों के पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा.
ज्ञापन के माध्यम से सहरसा में पत्रकार अभिषेक कुमार के साथ मारपीट करने वाले डॉक्टर और अस्पताल कर्मियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने, पत्रकार सुरक्षा कानून को प्रभावी और मजबूत तरीके से लागू करने सहित कई मांगें रखी गईं.
सहरसा और पटना की घटनाओं से आक्रोश
गौरतलब है कि पिछले दिनों सहरसा में समाचार संकलन के दौरान प्रभात खबर डिजिटल के पत्रकार अभिषेक कुमार के साथ अस्पताल में मारपीट की घटना सामने आई थी. वहीं, पटना में भी एक पत्रकार को पुलिस द्वारा बिना स्पष्ट कारण घंटों थाने में बैठाए रखने का मामला सामने आया था. इन घटनाओं को लेकर पत्रकारों में आक्रोश है.
पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग
जिलाध्यक्ष शालिग्राम सिंह ने कहा कि बिहार सहित देशभर में पत्रकारों पर हमले की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जो बेहद दुखद और चिंताजनक है. सरकार को पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस पहल करनी चाहिए.
सवाल करना पत्रकार का कर्तव्य
पत्रकार विजय कुमार ने कहा कि सवाल करना पत्रकार का कर्तव्य और अधिकार है. यह अधिकार संविधान ने दिया है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और इस पर किसी भी तरह का हमला या दमन स्वीकार नहीं किया जा सकता.
बड़ी संख्या में पत्रकार रहे शामिल
विरोध मार्च में जीवेश तरुण, जितेंद्र कुमार, संजय कुमार, चंदन कुमार, अमित कुमार, कुमार सानू, मो. नेमतुल्लाह, साद अहमद, राम कुमार, सुमन भारद्वाज, सिद्धांत शेखर, नीरज कुमार, रमेश चौरसिया, मोहम्मद नबी आलम, प्रो. संजय कुमार, सोनू कुमार, श्रवण कुमार, साकेत कुमार, कन्हैया पासवान सहित सैकड़ों पत्रकार शामिल हुए.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए