Begusarai News: 24 साल बाद खोदावंदपुर पहुंचे पंचायती राज विभाग के संयुक्त सचिव, हुआ भव्य स्वागत
जनप्रतिनिधियों से बातचीत करते संयुक्त सचिव | Prabhat Khabar Network
खोदावंदपुर के पूर्व बीडीओ और पंचायती राज विभाग के संयुक्त सचिव शम्स जावेद अंसारी का 24 साल बाद क्षेत्र में भव्य स्वागत किया गया. उन्होंने स्थानीय लोगों से मिलकर पुरानी यादें ताज़ा कीं.
Begusarai News: पंचायती राज विभाग, बिहार सरकार के संयुक्त सचिव और खोदावंदपुर के पूर्व प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) शम्स जावेद अंसारी का बुधवार को खोदावंदपुर पहुंचने पर पंचायत प्रतिनिधियों तथा सामाजिक कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से भव्य स्वागत किया. वे छौड़ाही से बेगूसराय की ओर जा रहे थे. इसी बीच उनके खोदावंदपुर आगमन की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और अधिकारी उनका अभिनंदन करने के लिए एकत्रित हो गए.
पाग, चादर और माला पहनाकर किया अभिनंदन
प्रखंड बीस सूत्री के उपाध्यक्ष अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में सामाजिक कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त सचिव का सम्मान किया. उपस्थित लोगों ने उन्हें पारंपरिक पाग, चादर एवं फूलों की माला पहनाकर सम्मानित किया. इस आत्मीय मिलन के दौरान स्थानीय लोगों और प्रतिनिधियों ने शम्स जावेद अंसारी को खोदावंदपुर में उनके पूर्व के कार्यकाल और उस दौरान हुए विकास कार्यों की याद भी दिलाई.
अधिकारियों और स्थानीय प्रतिनिधियों का लगा जमावड़ा
इस स्वागत कार्यक्रम के दौरान प्रशासनिक पदाधिकारियों के साथ-साथ बड़ी संख्या में वर्तमान एवं पूर्व पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे. मौके पर जिला पंचायती राज पदाधिकारी पूजा कुमारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी मिथिलेश बिहारी वर्मा, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी संदीप कुमार, सागी पंचायत के मुखिया इरशाद आलम, बाड़ा पंचायत के पूर्व मुखिया टिंकू राय, खोदावंदपुर पंचायत के पूर्व मुखिया रामपदारथ महतो, फफौत पंचायत के पूर्व मुखिया अनिल कुमार, समाजसेवी शंकर यादव और रमेश कुमार सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे.
पुराने आवास का भ्रमण कर ताजा कीं यादें
विदित हो कि शम्स जावेद अंसारी वर्ष 2001-02 के दौरान खोदावंदपुर प्रखंड में प्रखंड विकास पदाधिकारी के पद पर पदस्थापित थे. अपने उस सेवाकाल के दौरान स्थानीय जनता से बने मधुर और आत्मीय संबंधों के कारण उनका आज भी खोदावंदपुर क्षेत्र से गहरा लगाव बना हुआ है. बुधवार को अपने संक्षिप्त प्रवास के दौरान उन्होंने पुराने परिचितों के साथ-साथ नए लोगों से भी मुलाकात की और पुराने दिनों की यादें साझा कीं. इस दौरान उन्होंने प्रखंड स्थित अपने पुराने सरकारी आवासीय परिसर का भी भ्रमण किया.
Also Read: बेगूसराय में NH 31 पार कर रहे वृद्ध को बाइक ने मारी टक्कर, मौत के बाद सड़क जाम
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए