बेगूसराय : गढ़पुरा बाजार में लगातार दूसरे दिन चला बुलडोजर, SDM ने संभाली कमान; सड़क की जमीन की होगी मापी
गढ़पुरा बाजार में लगातार दूसरे दिन चला बुलडोजर
बेगूसराय के गढ़पुरा बाजार में अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई लगातार दूसरे दिन भी जारी रही. SDM सन्नी कुमार सौरभ ने स्वयं अभियान की कमान संभाली. सड़क की भूमि को अतिक्रमणमुक्त कर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की तैयारी है.
बेगूसराय के गढ़पुरा बाजार में अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई सोमवार को लगातार दूसरे दिन भी जारी रही. सड़क की जमीन पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए प्रशासनिक टीम सुबह से ही बाजार में सक्रिय रही. एसडीएम बखरी सन्नी कुमार सौरभ ने स्वयं अभियान की अगुआई की. उनके साथ सीओ लवकुश कुमार, थानाध्यक्ष राहुल कुमार सहित बड़ी संख्या में पुलिस कर्मी मौजूद रहे.
रविवार को शुरू किये गए अभियान के बाद सोमवार को भी प्रशासन ने बाजार के विभिन्न हिस्सों में सड़क की ओर निकाले गए शेड, फर्श और अन्य अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की. प्रशासन की सख्ती के कारण बाजार में अतिक्रमण किए दुकानदारों के बीच दिनभर अफरातफरी की स्थिति बनी रही. कई दुकानदार स्वयं ही अपने प्रतिष्ठान के आगे लगाये गये शेड और अन्य सामान हटाते नजर आये.
सड़क की जमीन को कराया जायेगा अतिक्रमणमुक्त
एसडीएम सन्नी कुमार सौरभ ने अभियान के दौरान अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए. प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि सड़क की भूमि पर किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. पहले चरण में सड़क की ओर बढ़ाकर लगाये गये शेड, फर्श और अन्य अस्थायी अतिक्रमण हटाये जा रहे हैं.
इसके बाद सड़क की भूमि की मापी कर स्थायी अतिक्रमण को चिह्नित करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी. प्रशासन की यह कार्रवाई गढ़पुरा बस स्टैंड चौक से लेकर पीएचसी तक प्रस्तावित है. बाजार में लंबे समय से सड़क किनारे अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी.
दुकानों के आगे बढ़ाए गए शेड, फर्श और अस्थायी संरचनाओं के कारण सड़क की चौड़ाई कम हो गयी थी, जिससे वाहनों के आवागमन के दौरान अक्सर जाम की स्थिति उत्पन्न होती थी.
पहले माइकिंग, अब लगातार कार्रवाई
अतिक्रमण हटाने से पहले प्रशासन की ओर से दुकानदारों को पर्याप्त समय दिया गया था. सीओ लवकुश कुमार द्वारा पिछले एक सप्ताह से बाजार में लगातार माइकिंग कर सड़क की जमीन से अतिक्रमण हटाने की अपील की जा रही थी.
इसके बाद कई दुकानदारों ने स्वयं ही अपने शेड और अन्य सामान हटा लिए थे. बावजूद इसके जहां अतिक्रमण बरकरार रहा, वहां प्रशासन ने सोमवार को भी कार्रवाई जारी रखी.
जाम की समस्या से मिलेगी राहत और लोगों की प्रतिक्रिया
गढ़पुरा बाजार में अतिक्रमण के कारण उत्पन्न जाम की समस्या को लेकर स्थानीय लोगों द्वारा लंबे समय से प्रशासन से कार्रवाई की मांग की जाती रही है. अब प्रशासन द्वारा लगातार दूसरे दिन कार्रवाई किए जाने से स्थानीय लोगों में उम्मीद जगी है कि बाजार को स्थायी रूप से अतिक्रमणमुक्त कर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सकेगा.
स्थानीय लोगों ने प्रशासन की कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि अभियान को केवल एक-दो दिन तक सीमित न रखकर सड़क की जमीन की मापी के बाद स्थायी अतिक्रमण को भी चिह्नित कर हटाया जाना चाहिए.
साथ ही भविष्य में दोबारा सड़क पर अतिक्रमण नहीं हो, इसके लिए नियमित निगरानी की व्यवस्था भी जरूरी है. कार्रवाई देखने के लिए बाजार में लोगों की भारी भीड़ जुटती रही और पुलिस कर्मियों को यातायात नियंत्रित करने में मशक्कत करनी पड़ी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए