गंगा के बढ़ते जलस्तर से बेगूसराय में दहशत, निचले इलाकों में घुसा बाढ़ का पानी

Updated:
विज्ञापन

तेघड़ा व मटिहानी में बाढ़ का दृश्य

Begusarai News : बेगूसराय में गंगा के जलस्तर में लगातार वृद्धि से कई प्रखंडों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है. लोग घर छोड़कर ऊंचे स्थानों पर जाने को मजबूर हैं. जानें पूरी खबर.

विज्ञापन

Begusarai News : जिले में गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से बाढ़ का खतरा गहराता जा रहा है. बरौनी, तेघड़ा, बछवाड़ा, साहेबपुरकमाल, बलिया, शाम्हो और मटिहानी समेत गंगा किनारे के निचले इलाकों में रहने वाले लोग दहशत में हैं. कई स्थानों पर बाढ़ का पानी आबादी वाले क्षेत्रों की ओर बढ़ रहा है, जिससे लोग रातभर जागकर स्थिति पर नजर रख रहे हैं.

आपके शहर में

विज्ञापन

आधा दर्जन से अधिक प्रखंडों पर मंडरा रहा बाढ़ का खतरा

गंगा के बढ़ते जलस्तर से जिले के कई प्रखंडों की बड़ी आबादी प्रभावित होने की आशंका है. बरौनी, तेघड़ा, बछवाड़ा, साहेबपुरकमाल, बलिया और शाम्हो प्रखंड के निचले इलाकों में लोगों की चिंता बढ़ गई है. वहीं मटिहानी प्रखंड के कई क्षेत्रों में बाढ़ का पानी तेजी से फैल रहा है.

मटिहानी के नयागांव इलाके में घरों में घुसा पानी

मटिहानी प्रखंड के नयागांव इलाके में बाढ़ का पानी आबादी वाले क्षेत्रों में प्रवेश करने लगा है. स्थानीय लोगों के अनुसार, गंगा का पानी एक दर्जन से अधिक घरों में घुस चुका है. इसके कारण कई परिवार घर छोड़कर सुरक्षित और ऊंचे स्थानों की ओर जाने को मजबूर हैं. बाढ़ का पानी फैलने से कई इलाके चारों ओर से घिरकर टापूनुमा बन गए हैं. ग्रामीणों का कहना है कि पानी लगातार गांव की ओर बढ़ रहा है, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है. स्थानीय लोगों के अनुसार, सैकड़ों एकड़ में लगी फसल पानी में डूब गई है, जबकि कुछ फसलें बाढ़ के कारण पूरी तरह बर्बाद होने की स्थिति में हैं.

Also Read : दिल्ली रैली की तैयारी में जुटी भाकपा, साहेबपुर कमाल से सैकड़ों कार्यकर्ताओं के शामिल होने का दावा

तेघड़ा के दियारा इलाके में नाव बना आवागमन का सहारा

तेघड़ा के दियारा क्षेत्र में भी बाढ़ का पानी बढ़ने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है. कई स्थानों पर पानी आबादी वाले क्षेत्रों की ओर पहुंचने लगा है. ग्रामीणों के अनुसार, कुछ इलाकों में आवागमन के लिए नाव का सहारा लेना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पर्याप्त संख्या में नाव उपलब्ध कराने और संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए राहत एवं बचाव की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है.

सिहमा पंचायत के मुख्य मार्ग पर चढ़ने लगा बाढ़ का पानी

मटिहानी प्रखंड की सिहमा पंचायत में पथला टोला, गोसाई टोला और भटनिया टोला को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर भी बाढ़ का पानी चढ़ने लगा है. यह प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत बनी सड़क बताई जा रही है, जो लंबे समय से जर्जर स्थिति में है. स्थानीय लोगों के अनुसार, लवहरचक ठाकुरबारी से पथला टोला भगवती स्थान तक सड़क का कालीकरण कराया गया था, लेकिन बाढ़ के पानी के कारण सड़क क्षतिग्रस्त हो गई. इसके बाद से सड़क की स्थिति में सुधार नहीं हो सका है. सड़क के कई हिस्सों में गड्ढे और गहरी खाइयां बन गई हैं, जिससे पानी बढ़ने पर दुर्घटना की आशंका बनी हुई है.

Also Read : सूखे नशे के खिलाफ चेरियाबरियारपुर में जागरूकता रैली, युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश

करीब 10 हजार की आबादी के आवागमन का प्रमुख रास्ता

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सड़क से करीब 10 हजार की आबादी का आवागमन होता है. सड़क के दोनों किनारों पर घनी झाड़ियां उग आई हैं और कई जगह सड़क टूट चुकी है. बाढ़ का पानी बढ़ने पर सड़क पूरी तरह डूबने की आशंका है, जिससे लोगों की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं. सिहमा पंचायत के मुखिया बमबम कुमार सिंह और पूर्व मुखिया ललन कुमार सिंह ने बताया कि जर्जर सड़क की मरम्मत को लेकर कई बार विभागीय अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. उनका कहना है कि सड़क की समय पर मरम्मत हो जाती तो बाढ़ के दौरान भी लोगों को पैदल आने-जाने में इतनी परेशानी नहीं होती.

प्रशासन से राहत और सड़क मरम्मत की मांग

बाढ़ के बढ़ते खतरे के बीच ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने, नाव और राहत की पर्याप्त व्यवस्था करने तथा जर्जर सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है. लोगों का कहना है कि जलस्तर में वृद्धि जारी रही तो आने वाले दिनों में निचले इलाकों में बाढ़ की स्थिति और गंभीर हो सकती है.

Also Read : बेगूसराय के नावकोठी आंगनबाड़ी केंद्रों पर 25 दिनों का टेक होम राशन वितरित


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन