हथीदह में 24 घंटे में 14 सेंटीमीटर बढ़ा गंगा का जलस्तर, खतरे के निशान से 75 सेंटीमीटर ऊपर पहुंचा पानी
शिवनगर गांव में फैला बाढ़ का पानी | Prabhat Khabar Network
Begusarai News : बेगूसराय में गंगा नदी खतरे के निशान से 75 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है. जिले के आधा दर्जन प्रखंडों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है, जिससे लाखों लोग दहशत में हैं.
Begusarai News : हथीदह में 24 घंटे के भीतर गंगा नदी के जलस्तर में 14 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. सोमवार को गंगा का जलस्तर 42.51 मीटर पर पहुंच गया, जो खतरे के निशान 41.76 मीटर से 75 सेंटीमीटर ऊपर है. रविवार को गंगा खतरे के निशान से 61 सेंटीमीटर ऊपर बह रही थी. इस तरह एक दिन में जलस्तर में 14 सेंटीमीटर की वृद्धि हुई है.
आपके शहर में
गंगा नदी के जलस्तर में अभी बढ़ोतरी का रुझान बना हुआ है. लगातार बढ़ रहे जलस्तर से जिले के बछवाड़ा, तेघड़ा, बरौनी, मटिहानी, शाम्हो, बलिया और साहेबपुर कमाल प्रखंड के लाखों लोगों में बाढ़ को लेकर दहशत का माहौल है.

उफनाई गंगा का दिखने लगा रौद्र रूप
गंगा के जलस्तर में धीरे-धीरे वृद्धि का सिलसिला सोमवार को भी जारी रहा. हालांकि जलस्तर में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई, लेकिन निचले इलाकों में बाढ़ का पानी लगातार फैलने से बलिया दियारा क्षेत्र के ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है. कई गांवों के आसपास बाढ़ का पानी पहुंचने से लोगों को आवागमन समेत अन्य परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
कई गांवों में फैला बाढ़ का पानी
प्रखंड क्षेत्र के शिवनगर, भवानंदपुर, शादीपुर, कमालपुर, सोनदीपी, सोनवर्षा, नगरगामा, सहबेगपुर, मीरअलीपुर सहित कई गांवों में बाढ़ का पानी फैल गया है. खेतों और निचले इलाकों में पानी जमा होने से ग्रामीणों को दैनिक कार्यों के लिए आवागमन में परेशानी होने लगी है. ग्रामीणों का कहना है कि यदि गंगा के जलस्तर में इसी तरह वृद्धि जारी रही तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है.
मुरला पुलिया पर भी पहुंचा बाढ़ का पानी
लखमिनियां-मसूदनपुर पथ के चेचियाही ढाब स्थित मुरला पुलिया पर भी बाढ़ का पानी फैल गया है. इससे दियारा क्षेत्र के मीरअलीपुर, मसूदनपुर, साहपुर, शिवनगर, भवानंदपुर सहित कई गांवों की बड़ी आबादी के समक्ष आवागमन का संकट उत्पन्न हो गया है. पुलिया पर पानी बढ़ने से लोगों को आवागमन में काफी सावधानी बरतनी पड़ रही है.
ग्रामीणों ने प्रशासन से निगरानी और तैयारी की मांग की
ग्रामीणों ने प्रशासन से बाढ़ की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने तथा प्रभावित मार्गों और गांवों में आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है. लोगों का कहना है कि जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए समय रहते प्रशासनिक स्तर पर तैयारी शुरू करना जरूरी है, ताकि स्थिति बिगड़ने पर ग्रामीणों को परेशानी का सामना न करना पड़े.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए