बेगूसराय के शाम्हो में बाढ़ से राहत-बचाव की तैयारी तेज, 6 प्रखंडों के 71 स्कूल दूसरे विद्यालयों से टैग
बेगूसराय में पहुंचा बाढ़ का पानी
Begusarai News : बेगूसराय के शाम्हो और बलिया में बाढ़ से स्थिति भयावह, मुख्य सड़क पर पानी चढ़ने से आवागमन ठप. 71 स्कूलों को किया गया शिफ्ट, प्रशासन अलर्ट पर.
Begusarai News : जिले में गंगा नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित और संभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव की तैयारियां तेज कर दी हैं. संपूर्ण शाम्हो प्रखंड में बाढ़ का पानी फैलने के बाद बीडीओ अशोक कुमार ने राहत और बचाव कार्य के लिए तीन अलग-अलग पंचायतों में नोडल पदाधिकारी नियुक्त किए हैं. वहीं, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों द्वारा प्रभावित क्षेत्रों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है.
आपके शहर में
बाढ़ पीड़ितों के लिए पर्याप्त नाव और राहत की मांग
प्रखंड प्रमुख मनोज कुमार ने प्रशासन से बाढ़ पीड़ितों तक तत्काल सभी आवश्यक सरकारी सुविधाएं पहुंचाने की मांग की है. उन्होंने कहा कि बाढ़ की स्थिति में लोगों को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए पर्याप्त संख्या में नाव की व्यवस्था की जानी चाहिए. राहत सामग्री और अन्य जरूरी सुविधाएं भी प्रभावित लोगों तक समय पर पहुंचना जरूरी है.
एसडीपीओ ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का लिया जायजा
बरौनी-2 की अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमारी दुर्गा शक्ति ने भी बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का भ्रमण किया. उन्होंने पुलिस बल को पूरी तरह सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया. बाढ़ के दौरान पुलिस प्रशासन की सक्रियता बनाए रखने पर जोर दिया गया.
6 प्रखंडों के 71 विद्यालय दूसरे स्कूलों से टैग
जिले में गंगा की बाढ़ और जलजमाव को देखते हुए जिला शिक्षा विभाग ने 6 प्रखंडों के 71 बाढ़ प्रभावित विद्यालयों को ऐसे विद्यालयों से टैग कर दिया है, जहां पानी नहीं है और पठन-पाठन सुरक्षित तरीके से संचालित किया जा सकता है. इनमें बलिया, साहेबपुर कमाल, मटिहानी, तेघड़ा, बछवाड़ा और शाम्हो प्रखंड के विद्यालय शामिल हैं.
टैग विद्यालयों में ही पढ़ेंगे छात्र और शिक्षक
जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार बाढ़ प्रभावित विद्यालयों के सभी शिक्षक और छात्र-छात्राएं अब संबंधित टैग विद्यालय में जाकर शिक्षण कार्य करेंगे. विभाग ने सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को प्रतिदिन उपस्थिति की रिपोर्ट जिला कार्यालय को भेजने का निर्देश दिया है. साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि टैग विद्यालयों में मध्याह्न भोजन योजना भी सुचारू रूप से संचालित हो.
बाढ़ का पानी कम होने तक जारी रहेगी व्यवस्था
शिक्षा विभाग के अनुसार संबंधित विद्यालयों में बाढ़ का पानी कम होने तक टैगिंग की यह व्यवस्था लागू रहेगी. इसका उद्देश्य बाढ़ प्रभावित विद्यालयों के बच्चों की पढ़ाई को यथासंभव जारी रखना और शिक्षकों के लिए सुरक्षित शैक्षणिक व्यवस्था उपलब्ध कराना है.
तटबंधों और संवेदनशील स्थलों की विशेष निगरानी
गंगा नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला पदाधिकारी रिची पांडेय के निर्देश पर बाढ़ संभावित क्षेत्रों, तटबंधों और संवेदनशील स्थलों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है. जिला प्रशासन ने संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं. संबंधित पदाधिकारियों और अभियंताओं को क्षेत्र में लगातार निगरानी रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तत्पर रहने का निर्देश दिया गया है.
मटिहानी में गंगा के बाएं तटबंध का सघन निरीक्षण
इसी क्रम में मटिहानी प्रखंड अंतर्गत गंगा नदी के बाएं तटबंध के विभिन्न हिस्सों का सघन निरीक्षण किया गया. गुप्ता एंबैंकमेंट का भी जायजा लिया गया. निरीक्षण के दौरान तटबंध पर बने रेनकट्स की मरम्मत के साथ फॉक्स होल और रैट होल को भरने का कार्य कराया जा रहा है. संबंधित अधिकारियों को तटबंध के कमजोर बिंदुओं की पहचान कर आवश्यकतानुसार तत्काल मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है.
बिसौआ जमींदारी बांध के क्लोजर प्वाइंट का निरीक्षण
बाढ़ नियंत्रण डिवीजन, बेगूसराय के अंतर्गत बिसौआ जमींदारी बांध के क्लोजर प्वाइंट का खगड़िया के अधीक्षण अभियंता ने निरीक्षण किया और स्थल की स्थिति का जायजा लिया. वहीं, सनहा गोरगामा एंबैंकमेंट के किलोमीटर 7.00 से 14.00 के बीच स्थानीय स्वयंसेवकों के सहयोग से ट्रैक्टर के माध्यम से गंगा नदी के बाएं तटबंध का नियमित निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान तटबंध सुरक्षित पाया गया.

बिसनपुर और माओ घाट में भी अधिकारी कर रहे निरीक्षण
बिसनपुर एवं माओ घाट सहित अन्य संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचल अधिकारी द्वारा स्थल निरीक्षण कर स्थानीय परिस्थितियों का जायजा लिया जा रहा है. पदाधिकारी क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर जलस्तर, तटबंधों और संवेदनशील स्थलों की स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं. साथ ही स्थानीय लोगों से समन्वय स्थापित किया जा रहा है.
Also Read : बेगूसराय में गंगा जी में स्नान के दौरान डूबा 10 वर्षीय बालक, तलाश में जुटे गोताखोर
माइकिंग कर लोगों को किया जा रहा जागरूक
विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में जिला प्रशासन की ओर से लगातार माइकिंग कर आम लोगों को जागरूक किया जा रहा है. लोगों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और बाढ़ की स्थिति में सतर्क रहने की अपील की जा रही है.
कमजोर बिंदु मिलते ही तत्काल कार्रवाई का निर्देश
जिला पदाधिकारी रिची पांडेय ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि बाढ़ की संभावित स्थिति को देखते हुए सभी संवेदनशील स्थलों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए. तटबंधों पर किसी भी प्रकार की क्षति, रिसाव, रेनकट, फॉक्स होल या अन्य कमजोर बिंदु पाए जाने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाए. उन्होंने राहत एवं बचाव से संबंधित सभी संसाधनों को तैयार रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित लोगों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया है.
Also Read : बेगूसराय में कार्बन क्रेडिट से किसानों की आय बढ़ाने की पहल, आईआईटी रूड़की के विशेषज्ञों ने किया अध्ययन
जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक आवागमन से बचें
जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं, सतर्क रहें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें. जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक आवागमन न करें. तेज जलधारा और नदी के किनारे जाने से बचें तथा बच्चों और बुजुर्गों को बाढ़ के पानी से दूर रखें. बाढ़ के पानी में स्नान करने से भी परहेज करने की अपील की गई है.
आपात स्थिति में जिला नियंत्रण कक्ष से करें संपर्क
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नाव से यात्रा करते समय नाविक और प्रशासन के सुरक्षा निर्देशों का पालन करें. बाढ़ के पानी में बिजली के खंभों, तारों और विद्युत उपकरणों से दूर रहें. किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें और केवल अधिकृत माध्यमों से प्राप्त सूचनाओं पर भरोसा करें. आपातकालीन सहायता के लिए जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 9279808780 पर संपर्क किया जा सकता है.
Also Read : बेगूसराय में गंगा जी में स्नान के दौरान डूबा 10 वर्षीय बालक, तलाश में जुटे गोताखोर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए