बेगूसराय में 19 साल के युवक की हत्या, धारदार हथियार से सिर पर कई वार, प्रेमिका की तस्वीर से जुड़ा है विवाद

Author Vikash Kumar|Edited by Sakshi Kumari
Updated:
विज्ञापन
सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने पहुंचे मृतक बादल के परिजन | Prabhat Khabar Network

सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने पहुंचे मृतक बादल के परिजन

Begusarai Murder : बेगूसराय के बलिया थाना क्षेत्र में एक 19 वर्षीय युवक की गला रेतकर हत्या कर दी गई। पारिवारिक विवाद को हत्या का मुख्य कारण बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

विज्ञापन

Begusarai Murder : बिहार के बेगूसराय जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. बलिया थाना क्षेत्र के गुप्ता लक्ष्मीनिया बांध पर सोमवार की रात एक 19 वर्षीय युवक की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान बालाचक गांव निवासी बादल कुमार के रूप में हुई है. परिजनों ने हत्या के पीछे कुछ दिन पहले हुए एक विवाद को मुख्य कारण बताया है. घटना के बाद से पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.

पड़ोसी को साइकिल से छोड़ने गया था बादल

मृतक बादल सदानंदपुर पंचायत के बालाचक गांव का रहने वाला था और उसके पिता शिव कुमार पासवान शिवहर में रहकर मजदूरी करते हैं. परिजनों ने बताया कि सोमवार की शाम बादल अपने एक पड़ोसी राम अकबाल पासवान को साइकिल से बलिया छोड़ने के लिए घर से निकला था. लेकिन, वह देर रात तक वापस नहीं लौटा. कुछ ही घंटों बाद परिवार को गुप्ता लक्ष्मीनिया बांध पर उसका खून से लथपथ शव मिलने की मनहूस खबर मिली.

सिर पर धारदार हथियार से किए गए कई वार

सूचना मिलते ही डायल-112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने देखा कि मृतक के सिर पर किसी धारदार हथियार से कई गहरे वार किए गए थे, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई थी. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया और बेगूसराय सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद मंगलवार को परिजनों को सौंप दिया.

युवती की तस्वीर शेयर करने को लेकर हुआ था विवाद

मृतक के पिता शिव कुमार पासवान ने पुलिस को बताया कि हत्या के पीछे एक पुरानी रंजिश हो सकती है. दरअसल, कुछ दिन पहले गांव की ही एक युवती की तस्वीर मोबाइल पर साझा करने को लेकर बादल का किसी से विवाद हुआ था. हालांकि, उस समय पंचायत बुलाकर मामले का समझौता करा दिया गया था, लेकिन उसी पंचायत में बादल को जान से मारने की धमकी भी दी गई थी. पिता को शक है कि उसी रंजिश के तहत उनके बेटे को मौत के घाट उतारा गया है.

तीन भाइयों में सबसे बड़ा था मृतक

बादल तीन भाइयों में सबसे बड़ा था. उसकी इस तरह अचानक हुई निर्मम हत्या से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पीड़ित परिवार ने बेगूसराय के पुलिस अधीक्षक (SP) से मामले की निष्पक्ष जांच कर जल्द से जल्द दोषियों की गिरफ्तारी और उन्हें कड़ी सजा दिलाने की गुहार लगाई है.

पुलिस कर रही है जांच

बलिया थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू से जांच शुरू कर दी है. घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए गए हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि पुरानी रंजिश, मोबाइल पर फोटो विवाद और आखिरी बार मृतक के साथ देखे गए लोगों से पूछताछ के आधार पर जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा कर लिया जाएगा.

Also Read : बेगूसराय बालिका गृह से लापता 5 में से 3 लड़कियां सकुशल बरामद, 2 की तलाश जारी


विज्ञापन
Vikash Kumar

लेखक के बारे में

By Vikash Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन