उद्योग संवाद में उठीं उद्यमियों की समस्याएं, आधारभूत सुविधाओं और बैंक ऋण पर हुआ मंथन

Author Vikash Kumar|Edited by Yuvraj Ratan
Updated:
विज्ञापन
बेगूसराय में उद्योग संवाद का आयोजन, उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित समाधान का आश्वासन

जिला अतिथि गृह, बेगूसराय

Begusarai News : बेगूसराय में उद्योग संवाद कार्यक्रम में उद्यमियों ने अपनी आधारभूत सुविधाओं, सड़क, बिजली और बैंक ऋण से जुड़ी समस्याएं रखीं। आयोग के उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। सरकार स्थानीय रोजगार सृजन पर फोकस कर रही है।

विज्ञापन

Begusarai News : बिहार राज्य उद्यमी एवं व्यवसायी आयोग के उपाध्यक्ष अरविन्द कुमार निराला की अध्यक्षता में शनिवार को जिला अतिथि गृह, बेगूसराय के सभागार में उद्योग संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में जिला उद्योग केंद्र के अधिकारियों, निवेशकों और स्थानीय उद्यमियों ने भाग लिया. इस दौरान जिले में औद्योगिक विकास, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, उद्यमियों की समस्याओं और निवेश की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई.

सरकारी योजनाओं की प्रगति की हुई समीक्षा

बैठक के दौरान जिला उद्योग केंद्र की ओर से जिले में संचालित प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना, मुख्यमंत्री उद्यमी योजना तथा बिहार लघु उद्यमी योजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई. अधिकारियों ने योजनाओं के क्रियान्वयन, लाभार्थियों की संख्या और उनकी वर्तमान स्थिति की जानकारी आयोग के समक्ष प्रस्तुत की.

उद्यमियों ने रखीं आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं

संवाद कार्यक्रम में स्थानीय उद्यमियों ने औद्योगिक क्षेत्रों में आधारभूत संरचना के विकास, सड़क और विद्युत आपूर्ति की समस्याओं, बैंक ऋण स्वीकृति में आने वाली कठिनाइयों तथा वित्तीय स्वीकृति से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाया. उन्होंने उद्योगों के संचालन में आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों से भी आयोग को अवगत कराया.

अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

उद्यमियों की समस्याएं सुनने के बाद आयोग के उपाध्यक्ष अरविन्द कुमार निराला ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि उद्यमियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सरकार की प्राथमिकता है और संबंधित विभागों को इस दिशा में सक्रियता से कार्य करना चाहिए.

लिखित आवेदन और व्हाट्सएप से भेजें अपनी समस्याएं

अरविन्द कुमार निराला ने उद्यमियों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं और सुझावों को लिखित आवेदन अथवा व्हाट्सएप के माध्यम से जिला उद्योग केंद्र एवं बिहार राज्य उद्यमी एवं व्यवसायी आयोग के कार्यालय को उपलब्ध कराएं. उन्होंने कहा कि इससे शिकायतों का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सकेगा.

स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन पर सरकार का फोकस

अपने संबोधन में अरविन्द कुमार निराला ने कहा कि बिहार सरकार का लक्ष्य राज्य में उद्योगों का विस्तार कर स्थानीय स्तर पर अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है. उन्होंने कहा कि सरकार सभी योजनाओं का लाभ उद्यमियों तक पारदर्शी, सरल और समयबद्ध प्रक्रिया के माध्यम से पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है. साथ ही, उद्यमियों की हर संभव सहायता और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं.

सरकार और उद्यमियों के समन्वय पर दिया गया जोर

कार्यक्रम में जिला उद्योग केंद्र के पदाधिकारी एवं कर्मचारी, स्थानीय उद्यमी, निवेशक तथा अन्य संबंधित लोग उपस्थित रहे. उद्योग संवाद के माध्यम से सरकार और उद्यमियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा जिले में औद्योगिक विकास को नई गति देने पर विशेष जोर दिया गया.

Also Read : आधे घंटे की बारिश में डूबे दाउदनगर के दोनों राष्ट्रीय राजमार्ग, जल निकासी व्यवस्था की खुली पोल



विज्ञापन
Vikash Kumar

लेखक के बारे में

By Vikash Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन