बेगूसराय में कबीर पंथ संत सम्मेलन का आयोजन. शिक्षाविद् डॉ. राजकुमार आजाद को मिली महंथ की उपाधि

सत्संग कार्यक्रम में शामिल श्रद्धालु
Begusarai Kabir Panth Conference : बेगूसराय में नीमा चांदपुरा पंचायत में आयोजित जिला स्तरीय कबीर पंथ संत सम्मेलन में डॉ. राजकुमार आजाद को महंथी चादर, अंगवस्त्र और पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कबीर धर्म को स्वतंत्र धार्मिक मान्यता देने की मांग भी उठी।
Begusarai Kabir Panth Conference : बेगूसराय जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत नीमा चांदपुरा पंचायत के वार्ड संख्या-1 में जिला स्तरीय कबीर पंथ संत सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया. इस आध्यात्मिक कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष महंथ राम बहादुर दास ने की. सम्मेलन में बिहार के विभिन्न जिलों से आए हुए संत-महंथों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया, जिससे पूरा इलाका भक्तिमय हो गया.
डॉ. राजकुमार आजाद को पहनाई गई महंथी चादर और पगड़ी
इस सम्मेलन का मुख्य आकर्षण बरौनी के रहने वाले प्रसिद्ध समाजसेवी एवं शिक्षाविद् डॉ. राजकुमार आजाद का सम्मान समारोह रहा. उन्हें महंथी चादर, अंगवस्त्र और पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया. मंच से जैसे ही उनके महंथ बनने की घोषणा हुई, उपस्थित श्रद्धालुओं ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका जोरदार स्वागत किया.
आचार्य महंथ धर्म दास साहेब के मुख्य विचार
सम्मेलन के मुख्य अतिथि विश्व कबीर दिव्य ज्योति धर्म सेवा संस्थान के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आचार्य महंथ धर्म दास साहेब रहे. अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि मनुष्य इस संसार में खाली हाथ आता है और खाली हाथ ही वापस जाता है, लेकिन उसके श्रेष्ठ कर्म और ज्ञान समाज में हमेशा जीवित रहते हैं. उन्होंने सभी को सतकर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी.
कबीर धर्म को स्वतंत्र धार्मिक मान्यता देने की उठी मांग
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता एवं संस्थान के अंतरराष्ट्रीय संरक्षक महंथ डॉ. राजकुमार आजाद ने केंद्र सरकार से एक बड़ी मांग रखी. उन्होंने कहा कि कबीर धर्म को स्वतंत्र धार्मिक मान्यता दी जानी चाहिए. उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि कबीर दर्शन मनुष्य को अपने भीतर ईश्वर का अनुभव करने और आत्मज्ञान प्राप्त करने का मार्ग दिखाता है.
भजनों से गूंजा आध्यात्मिक वातावरण
कार्यक्रम के दौरान महिला राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. पूनम आजाद ने अपने मनमोहक भजनों की प्रस्तुति से पूरे वातावरण को आध्यात्मिक बना दिया. इसके अलावा संत संतोष कबीरपंथी, गया के महंथ अशोक दास, भजन उपदेशक विदेशी साहेब, साध्वी जानकी दासीन, उमेश दास, नाथो साहेब, गयानंद पासवान और महंथ नारायण दास सहित कई संत-महंथों ने अपने प्रवचन और भजनों से श्रद्धालुओं को गूढ़ आध्यात्मिक संदेश दिए.
संगीत संगत और अतिथियों का सम्मान
इस धार्मिक आयोजन में संगीत का भी विशेष आनंद देखने को मिला. संगीत संगत में ऑर्गन पर प्रणव पाठक, पैड पर उमेश और नाल पर हरिओम ने अपनी बेहतरीन कला का प्रदर्शन किया. कार्यक्रम के अंत में स्वर्गीय रामबहादुर दास के चारों पुत्रों—भूषण, अंजनी, सज्जन और चंदन ने सभी पधारे हुए अतिथियों को चादर ओढ़ाकर सम्मानित किया. यह जिला स्तरीय कबीर पंथ संत सम्मेलन कबीर वाणी, भजनों और शांतिपूर्ण संदेशों के साथ श्रद्धापूर्ण माहौल में संपन्न हुआ.
Also Read : बेगूसराय के बखरी में 14 से 17 सितंबर तक लगेगा गणेश मेला, मंगल ध्वज यात्रा से होगी शुरुआत
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










