बेगूसराय में विवाहिता की संदिग्ध मौत, पति पर दहेज के लिए जहर देकर मारने का आरोप, जांच में जुटी पुलिस

मृतका की फाइल फोटो
Begusarai crime: बेगूसराय के साहेबपुरकमाल थाना क्षेत्र में 24 वर्षीय विवाहिता अलीशा परवीन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. परिजनों ने पति पर दहेज के लिए जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
Begusarai crime: (विकास मिश्रा की रिपोर्ट) जिले के साहेबपुरकमाल थाना क्षेत्र में दहेज प्रताड़ना से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. 24 वर्षीय विवाहिता अलीशा परवीन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. मृतका के परिजनों ने पति पर पांच लाख रुपये दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर जहर देकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है. घटना के बाद आरोपी पति फरार बताया जा रहा है.
मृतका के पिता मुंगेर जिले के हजरतगंज खानकाह निवासी मोहम्मद नौशाद ने बताया कि उनकी बेटी अलीशा परवीन की शादी वर्ष 2021 में साहेबपुरकमाल थाना क्षेत्र के कुरहा नवटोलिया निवासी मोहम्मद क्याम से हुई थी. शादी के शुरुआती दिनों के बाद ही दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया था.
पांच लाख रुपये की मांग का आरोप
परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति पांच लाख रुपये की मांग करने लगा था. पैसे नहीं मिलने पर अलीशा को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था. आरोप है कि पति अक्सर शराब के नशे में रहता था और दहेज नहीं मिलने पर जान से मारने की धमकी देता था. परिजनों के अनुसार करीब एक वर्ष पहले मामला बढ़ने पर सामाजिक स्तर पर पंचायत हुई थी. उस दौरान आरोपी ने लिखित बांड भरकर पत्नी को प्रताड़ित नहीं करने का आश्वासन दिया था. इसके बावजूद उसके व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया.
मौत से कुछ घंटे पहले मां से हुई थी बात
मृतका के पिता ने बताया कि मंगलवार दोपहर करीब एक बजे अलीशा ने अपनी मां से फोन पर बातचीत की थी. उसने खुद को पूरी तरह स्वस्थ बताया था और घर में खाना बनाने की बात कही थी. इसके कुछ घंटों बाद ही उसकी मौत की सूचना मिली. परिजनों के मुताबिक शाम करीब साढ़े चार बजे दामाद के भतीजे ने फोन कर अलीशा की मौत की जानकारी दी. परिवार को बताया गया कि उसने कोई जहरीला पदार्थ खा लिया है. सूचना मिलते ही परिजन ससुराल पहुंचे, जहां घर के बाहर लोगों की भीड़ लगी हुई थी.
चार साल के बेटे के सिर से उठा मां का साया
अलीशा परवीन अपने पीछे चार वर्षीय पुत्र अयान को छोड़ गई हैं. मां की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है.
पति पर हत्या का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
मृतका के पिता का आरोप है कि उनकी बेटी ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसके पति ने जबरन जहर खिलाकर उसकी हत्या की है. घटना के बाद आरोपी पति के फरार हो जाने से संदेह और गहरा गया है. सूचना मिलने पर साहेबपुरकमाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
बेगूसराय एसपी मनीष कुमार ने बताया कि परिजनों द्वारा पति पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया गया है. पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
Also Read: NIT पटना की श्रद्धा झा को मिला 41.37 लाख का पैकेज, कुल 550 छात्रों का अलग-अलग कंपनियों में हुआ चयन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By निखिल अनुराग
मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट. नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










