बेगूसराय: बरौनी रिफाइनरी के आसपास 31 जुलाई तक धारा-163 लागू, धरना-प्रदर्शन और भीड़ जुटाने पर रोक

Updated:
विज्ञापन
बरौनी रिफाइनरी

बरौनी रिफाइनरी

आईओसीएल बरौनी रिफाइनरी और आसपास के क्षेत्र में धारा-163 लागू कर दी गई है. संविदा श्रमिकों द्वारा धरना-प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए, प्रशासन ने 500 गज के दायरे में भीड़ जुटाने पर प्रतिबंध लगा दिया है.

विज्ञापन

Barauni Refinery Section 163 : बेगूसराय में आईओसीएल बरौनी रिफाइनरी और रिफाइनरी टाउनशिप के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए प्रशासन ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (भा.ना.सु.सं.) की धारा-163 लागू कर दी है. यह आदेश 16 जुलाई सुबह 6 बजे से 31 जुलाई 2026 सुबह 6 बजे तक प्रभावी रहेगा. इस अवधि में रिफाइनरी के आसपास धरना-प्रदर्शन, जुलूस और भीड़ जुटाने पर प्रतिबंध रहेगा.

Begusarai news : संविदा श्रमिकों के प्रदर्शन की आशंका के बाद फैसला

अनुमंडल दंडाधिकारी सदर बेगूसराय ने बताया कि आईओसीएल बरौनी रिफाइनरी के महाप्रबंधक (मानव संसाधन) की ओर से सूचना दी गई थी कि संविदा श्रमिक गेट संख्या-3डी, 4ए और 01बी के समीप फिर से धरना-प्रदर्शन कर सकते हैं. इसे देखते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आवश्यक सेवाओं को प्रभावित होने से बचाने के लिए निषेधाज्ञा लागू की गई है.

500 गज के दायरे में लागू रहेगा प्रतिबंध

आदेश के तहत रिफाइनरी के गेट संख्या-3डी, 4ए, 01बी तथा रिफाइनरी टाउनशिप के चारों ओर 500 गज की सीमा में पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने, धरना, प्रदर्शन, जुलूस, पिकेटिंग और किसी भी प्रकार की भीड़ लगाने पर पूरी तरह रोक रहेगी. इसके अलावा इस क्षेत्र में लाठी, भाला, फरसा, शस्त्र या अन्य हथियार लेकर चलने की भी अनुमति नहीं होगी.

प्रदर्शन से पहले लेनी होगी प्रशासन की अनुमति

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई मान्यता प्राप्त श्रमिक संगठन या यूनियन अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करना चाहता है तो उसे पहले अनुमंडल दंडाधिकारी, सदर बेगूसराय से विधिवत अनुमति प्राप्त करनी होगी. बिना अनुमति किसी भी प्रकार का प्रदर्शन प्रतिबंधित रहेगा.

उल्लंघन करने वालों पर होगी कानूनी कार्रवाई

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों और सभी संबंधित संगठनों से निषेधाज्ञा का पालन करने की अपील की है. प्रशासन ने चेतावनी दी है कि आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और अन्य प्रासंगिक कानूनी प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी.


विज्ञापन
Bipin Kumar Mishra

लेखक के बारे में

By Bipin Kumar Mishra

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन