बेगूसराय: प्रसव पीड़ा के बाद महिला को बिना जांच लौटाने का आरोप, गर्भ में मृत शिशु का ऑपरेशन कर निकाला गया, एसडीएम ने शुरू करायी जांच

Updated:
विज्ञापन

प्रसव पीड़ा की सांकेतिक तस्वीर

बखरी में एक गर्भवती महिला के गर्भ में शिशु की मौत के मामले में आशा बहू पर लापरवाही का आरोप लगा है. परिजनों का कहना है कि समय पर इलाज न मिलने से स्थिति गंभीर हो गई. मामले की जांच शुरू कर दी गई है.

विज्ञापन

Begusarai News: बखरी के डरहा इलाके में एक गर्भवती महिला के गर्भ में शिशु की मौत के मामले में आशा बहू पर कथित लापरवाही का आरोप लगाया गया है. परिजनों का आरोप है कि प्रसव पीड़ा शुरू होने के बाद महिला को समय पर उचित चिकित्सकीय जांच और उपचार नहीं मिल सका. बाद में महिला की स्थिति गंभीर होने पर ऑपरेशन कर मृत शिशु को गर्भ से बाहर निकाला गया. इससे महिला की जान बच गयी. मामले को लेकर महिला के ससुर महेंद्र राय ने एसडीओ, एसडीपीओ और जिला सिविल सर्जन से लिखित शिकायत की है. शिकायत मिलने के बाद अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

आपके शहर में

विज्ञापन

प्रसव पीड़ा की सूचना पर आशा बहू महिला को पीएचसी लेकर पहुंचीं

शिकायतकर्ता के अनुसार, 9 अगस्त की सुबह करीब 10 बजे उनकी बहू संजना को प्रसव पीड़ा शुरू हुई. इसकी सूचना डरहा की आशा बहू सुनीता देवी को दी गयी. इसके बाद सुनीता देवी महिला को एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बखरी लेकर पहुंचीं.

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पीएचसी पहुंचने के बाद जब यह बताया गया कि संजना दूसरे क्षेत्र की आशा बहू रीना देवी के क्षेत्र की लाभार्थी है, तो सुनीता देवी उसे बिना समुचित जांच कराये ई-रिक्शा से घर वापस ले गयीं.

घर लौटने के बाद भी जारी रही प्रसव पीड़ा

परिजनों के मुताबिक, घर लौटने के बाद भी संजना प्रसव पीड़ा से परेशान रही. महेंद्र राय ने सुनीता देवी को कई बार फोन किया, लेकिन आरोप है कि उन्होंने फोन नहीं उठाया. इसके बाद रात करीब 9 बजे दूसरे क्षेत्र की आशा बहू रीना देवी को मामले की जानकारी दी गयी.

रीना देवी करीब 10 बजे रात संजना को लेकर पीएचसी बखरी पहुंचीं. वहां महिला को भर्ती कर चिकित्सकों ने इलाज शुरू किया और अल्ट्रासाउंड कराने की सलाह दी.

अल्ट्रासाउंड में गर्भ में शिशु की मौत की पुष्टि

परिजनों का कहना है कि रात में बखरी में कोई निजी अल्ट्रासाउंड केंद्र खुला नहीं होने के कारण अगले दिन सुबह जांच करायी गयी. अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट में गर्भ में शिशु की मौत की बात सामने आयी. शिकायतकर्ता के अनुसार, चिकित्सकों ने महिला की स्थिति को भी गंभीर बताया.

इसके बाद संजना को तत्काल बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय के एक निजी नर्सिंग होम ले जाया गया. वहां दोबारा अल्ट्रासाउंड कराया गया, जिसमें भी गर्भ में शिशु की मौत की पुष्टि हुई. इसके बाद चिकित्सकों ने ऑपरेशन कर मृत शिशु को महिला के गर्भ से बाहर निकाला.

परिजनों का दावा है कि निजी अस्पताल के चिकित्सक ने बताया कि यदि ऑपरेशन में और देरी होती तो महिला के शरीर में संक्रमण फैलने से उसकी जान को भी खतरा हो सकता था.

एसडीएम ने कहा- मामला गंभीर, जांच के बाद होगी कार्रवाई

मामले में मंगलवार को शिकायत मिलने के बाद एसडीएम सन्नी कुमार सौरव ने जांच शुरू कर दी है. उन्होंने कहा कि मामला गंभीर है और इस संबंध में जांच रिपोर्ट मांगी जा रही है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी.

फिलहाल अधिकारियों की जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि महिला के इलाज में किसी स्तर पर लापरवाही हुई थी या नहीं. आशा बहू पर लगाये गये आरोपों की पुष्टि जांच रिपोर्ट के आधार पर ही होगी.

बेगूसराय: चार घंटे की वार्ता के बाद भी नहीं निकला समाधान, जिला परिषद सदस्यों का धरना 12वें दिन भी जारी

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन