बेगूसराय : बखरी में 15 सितंबर से लगेगा गणेश मेला, झूला-मीना बाजार से ऐतिहासिक झांकी तक होंगे खास आकर्षण
बखरी के बाबा गरीबनाथ मंदिर | Prabhat Khabar Network
बेगूसराय के बखरी में 15 सितंबर से भव्य गणेश मेला शुरू होने वाला है. मेले में श्रद्धालुओं के मनोरंजन के लिए झूला, मीना बाजार के साथ-साथ कानपुर के त्रिकाल ग्रुप द्वारा ऐतिहासिक झांकियों की प्रस्तुति दी जाएगी. 18 सितंबर को कलश विसर्जन के साथ मेला संपन्न होगा.
बेगूसराय जिले के बखरी मुख्य बाजार स्थित बाबा गरीब नाथ परिसर में आयोजित होने वाले गणेश मेला की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं. श्रद्धालुओं और बच्चों के मनोरंजन के लिए परिसर में झूला, मीना बाजार सहित कई आकर्षक व्यवस्थाएं की जा रही हैं. मेला को भव्य एवं आकर्षक बनाने के लिए आयोजकों की ओर से तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है.
ध्वज यात्रा व पूजन
मेला संयोजक दिलीप केशरी ने जानकारी देते हुए बताया कि गणेश मेला के दौरान विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा. कार्यक्रम की शुरुआत आगामी 15 सितंबर को प्रातः 6 बजे श्री गणेश मंगल ध्वज यात्रा से होगी, जो पूरे नगर क्षेत्र का भ्रमण करेगी. इसके बाद प्रातः 8 बजे श्री गणेश सहित तमाम प्रतिमाओं का पूजन किया जाएगा. वहीं शाम 4 बजे मेला का उद्घाटन होगा, जिसके बाद बच्चों द्वारा भक्तिमय कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी.
झांकी व सांस्कृतिक संध्या
16 सितंबर को शाम 6 बजे से कानपुर के ख्याति प्राप्त त्रिकाल ग्रुप द्वारा ऐतिहासिक झांकी की प्रस्तुति के साथ जागरण का आयोजन किया जाएगा. इसके अगले दिन 17 सितंबर को भी शाम 6 बजे से त्रिकाल ग्रुप द्वारा ऐतिहासिक झांकी प्रस्तुत की जाएगी. इसके साथ ही डांस ग्रुप के बच्चों द्वारा प्रतिभा प्रदर्शन किया जाएगा. कार्यक्रम के दौरान पुरस्कार वितरण एवं सम्मान समारोह भी आयोजित होगा.
समापन व कलश विसर्जन
मेला का समापन 18 सितंबर को प्रातः 8 बजे कलश विसर्जन के साथ किया जाएगा. मेला संयोजक दिलीप केशरी ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल होने की अपील की है.
सुविधा व सुरक्षा व्यवस्था
आयोजकों के अनुसार मेला में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर भी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं, ताकि किसी भी श्रद्धालु को कोई परेशानी न हो.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए