राजकीय कल्पवास मेला : सिमरिया पहुंचने लगे संत-महात्मा, प्रशासनिक तैयारियां जोरों पर

Updated at : 11 Oct 2019 7:53 AM (IST)
विज्ञापन
राजकीय कल्पवास मेला : सिमरिया पहुंचने लगे संत-महात्मा, प्रशासनिक तैयारियां जोरों पर

बरौनी (नगर) : सिमरिया में 13 अक्तूबर से शुरू होने वाले राजकीय कल्पवास मेले को लेकर सिमरिया घाट पर विभिन्न खालसाओं के संत-महात्मा पहुंचने लगे हैं. मां गंगा सेवा समिति सचिव रामजी झा ने बताया कि अब तक नित्यानंद सेवा खालसा के लाडली दास, राम निहोरा सेवा शिविर के बौआ हनुमान, नवादा आश्रम के सूर्यकांत […]

विज्ञापन

बरौनी (नगर) : सिमरिया में 13 अक्तूबर से शुरू होने वाले राजकीय कल्पवास मेले को लेकर सिमरिया घाट पर विभिन्न खालसाओं के संत-महात्मा पहुंचने लगे हैं. मां गंगा सेवा समिति सचिव रामजी झा ने बताया कि अब तक नित्यानंद सेवा खालसा के लाडली दास, राम निहोरा सेवा शिविर के बौआ हनुमान, नवादा आश्रम के सूर्यकांत दास उर्फ फलाहारी बाबा, खख्खर बाबा खालसा के विष्णुदेवाचार्य, पुरुषोत्तम शरण, श्यामलाल दास, मोहन दास, हरिकिशन शास्त्री, सुदामा दास सहित अन्य सिमरिया घाट पहुंच गये हैं.

उन्हें जिला प्रशासन की ओर से जगह आवंटित करने की प्रतीक्षा है. इसके बाद खालसाओं द्वारा अपनी सुविधा अनुसार पंडाल और छोटी-छोटी कुटिया का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जायेगा.
सर्वमंगला आश्रम द्वारा कई कार्यक्रमों का होगा आयोजन : कार्तिक मास कल्पवास के पावन अवसर पर अनेक कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे. स्वामी चिदात्मनजी महाराज के द्वारा कार्तिक महात्म्य और श्रीमद्भागवत कथा का प्रवचन किया जायेगा.
इसके अलावा राष्ट्रकवि दिनकर स्मृति दिवस, महाकवि विद्यापति स्मृति दिवस, कालिदास जयंती सहित अन्य कार्यक्रमों का आयोजन होगा. वहीं कल्पवास मेला क्षेत्र की तीन वृहत परिक्रमा सिमरिया घाट से सिमरिया धाम की यात्रा को पूर्णता प्रदान करेंगे.
तैयारी का जायजा लेने पहुंचे सदर एसडीओ
कल्पवास क्षेत्र में कार्यों की प्रगति का जायजा लेने गुरुवार को सदर एसडीओ संजीव कुमार चौधरी सिमरिया घाट पहुंचे. मौके पर उपस्थित बरौनी सीओ सुजीत सुमन, नगर परिषद बीहट के कार्यपालक पदाधिकारी शिवांशु शिवेश, मल्हीपुर दक्षिणी पंचायत मुखिया रंजीत कुमार,अमीन सुरेंद्र प्रसाद सिन्हा, बरौनी अंचल के राजस्व कर्मचारी हरेराम कुंवर सहित अन्य लोगों के साथ कल्पवास मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया.
उन्होंने मेला क्षेत्र को व्यवस्थित करने के काम में तेजी लाने का निर्देश देते हुए साफ-सफाई और सेक्टर आवंटन कार्य को जल्द से जल्द पूरा करने की जरूरत बतायी. वहीं कल्पवास मेला क्षेत्र की मुख्य सड़कों पर जलजमाव को देखते हुए इसे दुरुस्त करने की जिम्मेदारी नगर परिषद बीहट के कार्यपालक पदाधिकारी को सौंपी.
कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि आज ही सेक्शन मशीन की सहायता से जलजमाव को हटा दिया जायेगा. वहीं अमीन सुरेंद्र प्रसाद सिंहा ने बताया कि दो किलोमीटर लंबाई और एक किलोमीटर चौड़ाई वाले मेला एरिया के भू-भाग में करीब तेरह सौ मीटर में कल्पवास मेला क्षेत्र बसाया जायेगा. जिसे आठ सेक्टर और अस्सी ब्लॉक में बांटा जायेगा.
इसके अलावा एक सौ एक स्थायी शौचालयों की मरम्मत और साफ-सफाई करायी जा रही है. प्रशासनिक भवन की साफ-सफाई व रंग-रोगन का काम चल रहा है. सदर एसडीओ ने आशा व्यक्त करते हुए बताया कि मेला शुरू होने से पहले सारी चीजों को व्यवस्थित कर लिया जायेगा. विदित हो कि मेले का विधिवत उद्घाटन 20 अक्तूबर को संभावित है.
छर्रापट्टी राजघाट पर 19 को होगा ध्वजारोहण
साहेबपुरकमाल. गुरुवार को कल्पवास मेला आयोजन समिति की बैठक दुर्गा मंदिर परिसर छर्रा पट्टी में हुई.जिसकी अध्यक्षता अमर कुमार सिंह ने की. मेला आयोजन समिति के संयोजक अमर कुमार सिंह ने बताया कि कल्पवास मेले में प्रतिदिन संध्या गंगा महाआरती,कल्पवास कथा और भागवत कथा का भी आयोजन किया जायेगा.
उन्होंने बताया कि छर्रापट्टी राजघाट पर 19 अक्टूबर को ध्वजारोहण के साथ ही कल्पवास मेला शुरू हो जायेगा और 12 नवंबर को कल्पवास मेले का समापन किया जायेगा. बनारस के सात आचार्यों के द्वारा प्रतिदिन संध्या में गंगा महाआरती का भी आयोजन किया जायेगा.
कल्पवास मेला के दौरान मध्य प्रदेश के आचार्य कमलनयन शास्त्री जी के द्वारा प्रतिदिन कल्पवास कथा और अंतिम सप्ताह भागवत कथा का आयोजन होगा. कल्पवासियों के लिए गंगा तट पर ही 50 पर्ण कुटीर का निर्माण, मंच और पंडाल निर्माण का कार्य एक से दो दिन में शुरू हो जायेगा. कल्पवास मेला स्थल से लेकर छर्रा पट्टी दुर्गा मंदिर परिसर तक रोशनी की व्यवस्था,कल्पवास स्थल पर शौचालय और पेयजल सुविधा भी उपलब्ध करायी जायेगी.
बैठक में उपस्थित आचार्यों ने बताया कि छर्रापट्टी राजघाट में उत्तरायणी गंगा प्रवाहित होने के कारण कल्पवास के लिए काफी महत्वपूर्ण स्थल है.मौके पर आचार्य कमल नयन शास्त्री जी महाराज, कृपाशंकर, विजेंदर सिंह, अशोक यादव, मुकेश यादव, अनिल यादव,सिकंदर यादव,अजय कुमार भारती,फागेंद्र यादव, अमरेंद्र ठाकुर सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन