जुलाई में एनडीपीएस एक्ट के तहत 6 मामले दर्ज, 10 आरोपित गिरफ्तार, 734 ग्राम गांजा बरामद

Updated:
विज्ञापन

बैठक में निर्देश देते डीएम रिची पांडेय  | Prabhat Khabar Network

Begusarai News : बेगूसराय में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए डीएम ने बैठक की. नशा मुक्ति अभियान और तस्करों पर कड़ी कार्रवाई के लिए अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश.

विज्ञापन

Begusarai News : मादक पदार्थों के अवैध कारोबार, तस्करी एवं सेवन पर प्रभावी नियंत्रण तथा नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में किये जा रहे प्रयासों की समीक्षा के लिए जिला पदाधिकारी रिची पांडेय की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में जिला स्तरीय एनसीओआरडी की समीक्षा बैठक आयोजित की गयी. बैठक में पुलिस अधीक्षक मनीष, अपर समाहर्ता, नगर आयुक्त, सिविल सर्जन, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे.

आपके शहर में

विज्ञापन

जुलाई में 6 मामले दर्ज, 10 आरोपित भेजे गये जेल

बैठक के दौरान जिले में मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान एवं की गयी कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की गयी. जुलाई 2026 में एनडीपीएस एक्ट के तहत कुल छह मामले दर्ज किये गये तथा 10 आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया. इस दौरान 734 ग्राम गांजा, 966.73 ग्राम स्मैक तथा 256.2 लीटर प्रतिबंधित एवं अवैध कफ सिरप जब्त किया गया.

अवैध खेती वाले क्षेत्रों की नियमित मैपिंग का निर्देश

समीक्षा के क्रम में जिला पदाधिकारी रिची पांडेय ने मादक पदार्थों के नेटवर्क पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सभी संबंधित सुरक्षा एवं प्रवर्तन एजेंसियों के बीच त्वरित एवं प्रभावी आसूचना का आदान-प्रदान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने जिले में अफीम एवं गांजा की संभावित अवैध खेती वाले क्षेत्रों की नियमित मैपिंग कर अवैध खेती का त्वरित विनष्टीकरण सुनिश्चित करने को कहा.

उन्होंने ऐसे संवेदनशील क्षेत्रों के किसानों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए वैकल्पिक विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी जोर दिया. जिला पदाधिकारी ने लंबित मामलों के अनुसंधान एवं न्यायालय में विचारण की प्रक्रिया में तेजी लाने तथा दोषियों को विधिसम्मत कड़ी सजा दिलाने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया. साथ ही अंतर्राज्यीय मामलों की गहन जांच एवं संबंधित एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने को कहा.

स्कूल-कॉलेजों में चलाया जायेगा जागरूकता अभियान

जिला पदाधिकारी ने शैक्षणिक संस्थानों, विशेषकर स्कूल एवं कॉलेजों में एनडीपीएस एक्ट के कानूनी प्रावधानों तथा नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों को लेकर व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया. उन्होंने जिले में संचालित नशामुक्ति एवं पुनर्वास केंद्रों का नियमित पर्यवेक्षण सुनिश्चित करने को कहा.

मादक पदार्थों की त्वरित पहचान के लिए आवश्यक आधुनिक जांच उपकरणों की उपलब्धता का आकलन कर अधियाचना समर्पित करने का भी निर्देश दिया गया.

सभी दवा दुकानों की नियमित जांच का निर्देश

जिला पदाधिकारी ने सभी ड्रग इंस्पेक्टरों को जिले की सभी दवा दुकानों की नियमित जांच करने का निर्देश दिया. उन्होंने सामान्य शाखा पदाधिकारी को दवा दुकानों की जांच के लिए रोस्टर तैयार करने तथा जांच की नियमितता एवं प्रभावी अनुश्रवण सुनिश्चित करने को कहा.

अनुमंडल अस्पतालों में बनेगा नशामुक्ति के लिए विशेष वार्ड

सिविल सर्जन को जिले के सभी अनुमंडल अस्पतालों में नशामुक्ति के लिए विशेष वार्ड की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. इसका उद्देश्य नशे की लत से प्रभावित लोगों को उपचार एवं पुनर्वास की समुचित सुविधा उपलब्ध कराना है.

नशा तस्करों का तैयार होगा प्रभावी डेटाबेस

बैठक में ड्रग लॉ इनफोर्समेंट एजेंसी के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए नशा तस्करों एवं संबंधित अपराधियों का प्रभावी डेटाबेस तैयार करने पर भी जोर दिया गया. आवश्यकता के अनुसार इस डेटाबेस को संबंधित एजेंसियों के साथ साझा करने की बात कही गयी.

जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ निरंतर एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके.

Also Read : नवादा के नियोजन मेले में 350 युवाओं का चयन, 22 निजी कंपनियों ने दिया रोजगार का अवसर


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन