ट्रक की टक्कर में महिला की मौत, मासूम पुत्र ने दी मुखाग्नि
बाबा बैद्यनाथ धाम में पूजा-अर्चना कर लौट रहे एक श्रद्धालु दंपति के लिए घर वापसी का सफर जिंदगी का सबसे बड़ा हादसा बन गया.
बैद्यनाथ धाम से लौटते समय उजड़ गया परिवार
बौंसी. बाबा बैद्यनाथ धाम में पूजा-अर्चना कर लौट रहे एक श्रद्धालु दंपति के लिए घर वापसी का सफर जिंदगी का सबसे बड़ा हादसा बन गया. झारखंड के गोड्डा जिले में हुए भीषण सड़क हादसे में बाराहाट थाना क्षेत्र की एक महिला की मौत हो गयी, जबकि उसके पति गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है. मृतका की पहचान बाराहाट थाना क्षेत्र के भेड़ा मोड़ निवासी मधु देवी के रूप में हुई है. वहीं उनके पति सूरज पंडित गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज जारी है. हादसे में उनका एक हाथ टूट गया है.जानकारी के अनुसार, सोमवार को दंपति देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम में पूजा-अर्चना करने के बाद बाइक से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान गोड्डा जिले के पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र अंतर्गत हंसडीहा-भागलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर तिलतांड के समीप एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पर पीछे बैठी मधु देवी सड़क पर गिर गयी और उनकी मौके पर ही मौत हो गयी. वहीं सूरज पंडित गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत फरार हो गया. घटना की सूचना मिलते ही पोड़ैयाहाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से घायल को अस्पताल पहुंचाया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोड्डा सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस फरार चालक और ट्रक की पहचान में जुटी हुई है.
चाय की दुकान से चलता है परिवार का खर्च
घायल सूरज पंडित भेड़ा मोड़ चौक पर एक छोटी सी चाय की दुकान चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं. हादसे में गंभीर चोट लगने और हाथ टूट जाने के कारण अब उनके सामने रोजी-रोटी का भी संकट खड़ा हो गया है. पत्नी की मौत से वह पूरी तरह टूट चुके हैं.तीन मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया
इस दर्दनाक हादसे ने तीन मासूम बच्चों की दुनिया उजाड़ दी है. मृतका की 13 वर्षीय पुत्री दिव्या, 11 वर्षीय पुत्र प्रियांशु पंडित और नौ वर्षीय पुत्री मोनी कुमारी अपनी मां को खोने के बाद गहरे सदमे में हैं. घर में बच्चों की चीख-पुकार और परिजनों के विलाप से माहौल गमगीन बना हुआ है.मासूम पुत्र ने नम आंखों से दी अंतिम विदाई
हादसे के बाद सोमवार देर रात मधु देवी का अंतिम संस्कार मंदार स्थित मुक्तिधाम में किया गया. सबसे मार्मिक क्षण तब आया जब मासूम पुत्र ने अपनी मां को मुखाग्नि दी. यह दृश्य देख मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गयी. श्रद्धालु दंपति के साथ हुई इस दर्दनाक घटना से भेड़ा मोड़ सहित आसपास के गांवों में शोक की लहर दौड़ गयी है. ग्रामीण परिवार को हरसंभव सहायता दिलाने की मांग कर रहे हैं.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










