कसबा गांव में तालाब में डूबी किशोरी, बचाने गई दो सहेलियां भी डूबीं, तीनों की मौत
तीनों किशोरी की फाइल फोटो
कर्मा पर्व के उल्लास पर फिरा पानी, बांका में तीन सहेलियों की डूबने से हुई दर्दनाक मौत. कर्मा-धर्मा पर्व के दिन हुई इस घटना ने पूरे गांव को झकझोर दिया.
बांका के शंभूगंज थाना क्षेत्र के कसबा गांव में कर्मा-धर्मा पर्व की खुशियां मंगलवार को दर्दनाक हादसे के बाद मातम में बदल गईं. डिघिया पोखर में स्नान करने गई तीन किशोरियों की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई. एक किशोरी को डूबता देखकर उसकी दो सहेलियां उसे बचाने के लिए तालाब में उतरीं, लेकिन तीनों गहरे पानी में डूब गईं. ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद तीनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी.
डिघिया पोखर में स्नान करने पहुंची थीं किशोरियां
शंभूगंज (बांका). कसबा गांव में मंगलवार को कर्मा-धर्मा पर्व को लेकर सुबह से ही उत्साह का माहौल था. दोपहर बाद गांव की दर्जनों किशोरियां पर्व को लेकर कसबा स्थित डिघिया पोखर में स्नान करने पहुंचीं. छोटी बच्चियां स्नान करने के बाद तालाब से बाहर निकल गईं, जबकि कुछ बड़ी किशोरियां पानी में स्नान कर रही थीं.
इसी दौरान मौसम कुमारी अचानक तालाब के गहरे हिस्से में चली गई और डूबने लगी.
सहेली को डूबता देख बचाने उतरी सीमा
मौसम कुमारी को डूबता देखकर उसकी सहेली सीमा कुमारी उसे बचाने के लिए तालाब में उतर गई. लेकिन पानी की गहराई अधिक होने के कारण सीमा भी डूबने लगी.
इसके बाद पुष्पा कुमारी दोनों को बचाने के लिए पानी में उतर गई. देखते ही देखते तीनों किशोरियां गहरे पानी में चली गईं.
शोर सुनकर ग्रामीण तालाब की ओर दौड़े
घटना के बाद तालाब से बाहर निकली अन्य बच्चियों ने शोर मचाकर ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी. शोर सुनते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तीनों किशोरियों की तलाश शुरू कर दी.
ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद तीनों को तालाब से बाहर निकाला, लेकिन उनकी स्थिति गंभीर थी और तब तक उनकी मौत हो चुकी थी.
अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित किया
ग्रामीण तीनों किशोरियों को अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, कसबा लेकर पहुंचे. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मौसम कुमारी, सीमा कुमारी और पुष्पा कुमारी को मृत घोषित कर दिया.
मृतकों की पहचान कसबा गांव निवासी मौसम कुमारी (13), पिता संजीत तांती, सीमा कुमारी (13), पिता मन्नू तांती और पुष्पा कुमारी (12), पिता हीरा तांती के रूप में हुई है. तीनों मध्य विद्यालय कसबा की छात्राएं थीं.
एक घर की इकलौती बेटी थी मौसम
हादसे में जान गंवाने वाली तीनों किशोरियों के परिवार में घटना के बाद मातम पसरा हुआ है. मौसम कुमारी तीन भाइयों में इकलौती बहन थी. सीमा कुमारी तीन बहनों और एक भाई में दूसरे नंबर पर थी, जबकि पुष्पा कुमारी चार बहनों और दो भाइयों में तीसरे नंबर पर थी.
तीनों के परिवारों पर एक साथ दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
माताओं का रो-रोकर बुरा हाल
तीनों किशोरियों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई. मौसम कुमारी की मां अंजली देवी, सीमा कुमारी की मां अंजनी देवी और पुष्पा कुमारी की मां रेखा देवी का रो-रोकर बुरा हाल था. गांव के लोग भी शोकाकुल परिवारों को सांत्वना देने में जुटे रहे.
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे
घटना की जानकारी मिलते ही पंचायत के उपमुखिया नितेश दास ने शंभूगंज पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष प्रभाकर कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे.
पुलिस ने तीनों किशोरियों के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया. पुलिस ने घटना से संबंधित आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी है.
परिजनों को चार-चार लाख रुपये सहायता का भरोसा
हादसे के बाद बीडीओ प्रभात केसरी एवं आरओ अभय कुमार ने बताया कि मृतक किशोरियों के पीड़ित परिजनों को आपदा योजना के तहत चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि दिलाई जाएगी.
पर्व की खुशियां मातम में बदलीं
कर्मा-धर्मा पर्व के अवसर पर जहां कसबा गांव में सुबह से उत्साह था, वहीं कुछ ही घंटों बाद तीन परिवारों में मातम छा गया. तीन किशोरियों की एक साथ मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है और पर्व का माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए