25 जुलाई तक कांवरिया पथ पर पूरी होंगी सभी तैयारियां, डीएम-एसपी ने कांवरिया पथ पर दिया अल्टीमेटम

अबरखा में कांवरिया पथ का निरीक्षण करते डीएम व एसपी. | Prabhat Khabar Network
Shravani Mela 2026 : विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2026 के लिए बांका जिला प्रशासन पूरी तरह से जुट गया है. डीएम और एसपी ने कांवरिया पथ का निरीक्षण कर 25 जुलाई तक सभी तैयारियां पूरी करने का अल्टीमेटम दिया है, ताकि लाखों श्रद्धालुओं को सुगम यात्रा मिल सके.
Shravani Mela 2026 : विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए बांका जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है. डीएम अंशुल अग्रवाल और एसपी अमितेश कुमार ने कांवरिया पथ का व्यापक निरीक्षण कर सभी विभागों को 25 जुलाई तक तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया, ताकि बाबा भोलेनाथ के दर्शन के लिए आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो.
कांवरियों की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की पहली प्राथमिकता
डीएम अंशुल अग्रवाल और एसपी अमितेश कुमार ने कांवरिया पथ का निरीक्षण कर विभिन्न विभागों की तैयारियों की समीक्षा की. डीएम ने स्पष्ट कहा कि श्रावणी मेला के दौरान पूरे एक माह तक कांवरियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को नियमित रूप से अपने कार्यक्षेत्र का निरीक्षण करने और किसी भी कमी को तत्काल दूर करने का निर्देश दिया. उन्होंने दोहराया कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और मूलभूत व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी.
कांवरिया पथ पर रहेगी चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा व्यवस्था
एसपी अमितेश कुमार ने कहा कि जैसे ही कांवरिया धौरी के रास्ते बांका जिले में प्रवेश करेंगे, उन्हें बेहतर सुरक्षा और व्यवस्थित प्रशासनिक व्यवस्था का अनुभव होना चाहिए. उन्होंने सभी पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा.
टेंट सिटी, धर्मशाला और सांस्कृतिक पंडाल का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने अबरखा स्थित सरकारी धर्मशाला, टेंट सिटी और पर्यटन विभाग द्वारा तैयार किए जा रहे सांस्कृतिक पंडाल का भी निरीक्षण किया. टेंट सिटी में बेड, बिजली, पंखे, प्रकाश व्यवस्था और अन्य सुविधाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए. साथ ही कांवरिया पथ पर बालू बिछाने, दोनों किनारों पर मिट्टी भराई कराने और जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया.
बुनियादी सुविधाओं को समय पर पूरा करने का निर्देश
डीएम और एसपी ने सरकारी धर्मशालाओं तथा पर्यटन विभाग के कैफेटेरिया में पेयजल, बिजली, शौचालय, साफ-सफाई और रंग-रोगन के कार्यों की भी समीक्षा की. पीएचईडी द्वारा बनाए जा रहे शौचालय, पेयजल केंद्र, स्नानागार और गर्म पानी कुंड के निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए. इसके अलावा पार्किंग स्थलों का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं की सुविधा के अनुरूप व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया.
25 जुलाई तक हर हाल में पूरी होगी तैयारी
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि श्रावणी मेला की तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया गया है, ताकि बाबा भोलेनाथ के दर्शन के लिए आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव मिल सके.
ये भी पढ़ें : श्रावणी मेला : कांवरियों के लिए रेलवे का बड़ा तोहफा, जमालपुर से देवघर और सुल्तानगंज के लिए चलेंगी स्पेशल ट्रेनें
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By दीपक चौधरी
दीपक चौधरी प्रिंट माध्यम में 23 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. कटोरिया (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










