सड़क, नाला और पेयजल की बदहाली से नाराज ग्रामीणों का प्रदर्शन, 55 परिवारों ने उठाई सुविधाओं की मांग

Updated:
विज्ञापन

फोटो- ग्रामीणों द्वारा विरोध प्रदर्शन करते हुए | Prabhat Khabar Network

शंभुगंज प्रखंड के महादलित टोला में मूलभूत सुविधाओं की भारी कमी है। सड़क, नाला, पेयजल, शिक्षा और आंगनबाड़ी जैसी बुनियादी सुविधाओं से 55 परिवार लंबे समय से वंचित हैं, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।

विज्ञापन

शंभुगंज (बांका). शंभुगंज प्रखंड क्षेत्र की पकरिया पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या 10 एवं 11 स्थित महादलित टोला सर्वीचक गांव में मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया. गुरुवार को दर्जनों महिला-पुरुषों ने प्रदर्शन कर सड़क, नाला, पेयजल, शिक्षा और आंगनबाड़ी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की.

आपके शहर में

विज्ञापन

55 महादलित परिवारों के बुनियादी सुविधाओं से वंचित होने का दावा

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय किसान महासभा के प्रदेश सदस्य कामरेड रणवीर कुशवाहा ने दावा किया कि दोनों वार्डों में मांझी समुदाय के करीब 55 महादलित परिवार रहते हैं. उन्होंने कहा कि लंबे समय से ये परिवार कई जरूरी सुविधाओं से वंचित हैं. उन्होंने सरकार और संबंधित विभाग से समस्याओं के तत्काल समाधान की मांग की.

कच्ची सड़क के कारण बारिश में बढ़ती है परेशानी

ग्रामीणों पांचू मांझी, सोनू मांझी, विनोद मांझी, कैलाश मांझी, नीलम देवी और मीरा देवी सहित अन्य ने बताया कि गांव से मुख्य सड़क तक पहुंचने वाला रास्ता अभी भी कच्चा है. बारिश के दौरान जलजमाव और कीचड़ के कारण लोगों को आवागमन में काफी परेशानी होती है. ग्रामीणों का कहना है कि बरसात में पूरी बस्ती का संपर्क प्रभावित हो जाता है.

चापाकल खराब, नल-जल योजना से नियमित पानी नहीं मिलने का आरोप

ग्रामीणों ने बताया कि गांव का एकमात्र सरकारी चापाकल खराब पड़ा है. वहीं नल-जल योजना के तहत नियमित पेयजल उपलब्ध नहीं होने की शिकायत भी की गई. ग्रामीणों का दावा है कि महीने में महज एक दिन पानी मिल पाता है, जिससे गर्मी और बरसात के दौरान परेशानी और बढ़ जाती है.

शिक्षा और आंगनबाड़ी सुविधा की भी उठी मांग

ग्रामीणों ने शिक्षा व्यवस्था की कमी को लेकर भी नाराजगी जताई. उनका कहना है कि पूरी बस्ती में बादल कुमार मांझी ही इंटर तक पढ़ाई कर सके हैं. ग्रामीणों ने बच्चों की पढ़ाई के लिए विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है.

जमीन मिलते ही शुरू होगा निर्माण: मुखिया

मुखिया दीपक कुमार सिंह ने बताया कि सामुदायिक भवन और आंगनबाड़ी केंद्र के लिए योजनाएं चयनित हैं. उन्होंने कहा कि अंचल स्तर से जमीन उपलब्ध होते ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा.

जांच के बाद समाधान का भरोसा

अंचलाधिकारी जुगनू रानी ने बताया कि ग्रामीणों की ओर से उठाई गई समस्याओं की जांच कराई जाएगी. उन्होंने कहा कि जांच के बाद संबंधित समस्याओं के समाधान की दिशा में आवश्यक और ठोस पहल की जाएगी.


विज्ञापन
ठाकुर विनोद कुमार

लेखक के बारे में

By ठाकुर विनोद कुमार

ठाकुर विनोद कुमार प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. शंभूगंज (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन