रजौन में नहर किनारे खून से लथपथ मिली महिला, अस्पताल में मौत; पति हिरासत में, चाकू से हमले का आरोप
घटनास्थल पर छानबीन करती पुलिस.
रजौन प्रखंड क्षेत्र में नहर किनारे एक महिला की निर्मम हत्या कर दी गई. शक के घेरे में आए पति को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है. हत्या के पीछे के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है.
रजौन प्रखंड क्षेत्र के हरना प्रशाखा नहर मार्ग स्थित गोराडीह मोड़ के समीप रविवार शाम एक महिला की धारदार चाकू से हमला कर हत्या कर दी गयी. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी. मृतका की पहचान रिंकू देवी के रूप में हुई है. घटना के कुछ ही देर बाद मौके से भागने की कोशिश कर रहे उसके पति प्रमोद दास को पुलिस ने हिरासत में ले लिया. पुलिस उससे पूछताछ कर रही है. फिलहाल हत्या के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है.
नए घर से ससुराल जाने के दौरान हुई घटना
जानकारी के अनुसार रिंकू देवी अपने पति प्रमोद दास के साथ बांका के समुखिया मोड़ स्थित अपने नए घर से बाइक से ससुराल धनियागड़िया जा रही थी. इसी दौरान धनियागड़िया से हरना प्रशाखा नहर मार्ग जाने वाली सड़क पर गोराडीह के समीप दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी होने की बात सामने आ रही है.
आरोप है कि इसी दौरान प्रमोद दास ने धारदार चाकू से रिंकू देवी पर हमला कर दिया. हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी.
नहर के पास खून से लथपथ मिली महिला
घटना के कुछ देर बाद रजौन की ओर से धनियागड़िया जा रहे कुछ ग्रामीण नहर मार्ग से गुजरे. उन्होंने सड़क पर एक महिला को खून से लथपथ अवस्था में पड़ा देखा. वहीं घटनास्थल से कुछ दूरी पर मौजूद प्रमोद दास के कपड़ों पर भी खून के छींटे दिखाई देने की बात ग्रामीणों ने बतायी.
ग्रामीणों ने जब प्रमोद दास से घटना के संबंध में पूछताछ की तो उसने कथित तौर पर कुछ भी बताने से इनकार किया और वहां से निकलने की कोशिश की. ग्रामीणों ने मामले की सूचना पुलिस को दी.
पुलिस ने पति को हिरासत में लिया
ग्रामीणों की सूचना पर सहायक थाना नवादा बाजार की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने प्रमोद दास को हिरासत में ले लिया. गंभीर रूप से घायल रिंकू देवी को इलाज के लिए सदर अस्पताल बांका भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
हत्या के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
सहायक थाना नवादा बाजार के थानाध्यक्ष सुजीत कुमार ने बताया कि पुलिस हिरासत में लिए गए प्रमोद दास से पूछताछ की जा रही है. हत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच और पूछताछ के बाद ही हो सकेगा. पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए