ePaper

महाशिवरात्रि पर चतुर्भुज गांव में भव्य शिव मंदिर में हुई प्राण प्रतिष्ठा

Updated at : 15 Feb 2026 7:19 PM (IST)
विज्ञापन
महाशिवरात्रि पर चतुर्भुज गांव में भव्य शिव मंदिर में हुई प्राण प्रतिष्ठा

प्रखंड की पैर पंचायत अंतर्गत चतुर्भुज गांव में रविवार को महाशिवरात्रि पर भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला

विज्ञापन

धोरैया.

प्रखंड की पैर पंचायत अंतर्गत चतुर्भुज गांव में रविवार को महाशिवरात्रि पर भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला. ग्रामवासियों के सहयोग से बांध के जल के बीच निर्मित भव्य शिव मंदिर में भगवान महादेव की विधिवत प्राण प्रतिष्ठा की गयी. इस ऐतिहासिक और धार्मिक आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल बना रहा. प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में गुरुधाम बौंसी से आये वेदज्ञ पंडितों की टोली ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान शिव का आह्वान किया. इस दौरान यज्ञ-हवन का आयोजन भी किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने आहुति देकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की. अनुष्ठान में मुख्य यजमान के रूप में ग्रामवासी राजीव कुमार सिंह व रागिनी सिंह ने भाग लिया. दिनभर चले धार्मिक कार्यक्रम के बाद संध्या काल में भव्य शिव बारात निकाली गयी, जिसमें विभिन्न देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां शामिल थीं. खास बात यह रही कि छोटे-छोटे बच्चों ने देवी-देवताओं का रूप धारण कर लोगों का मन मोह लिया. पूरे गांव में ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों के बीच निकली शिव बारात ने माहौल को पूरी तरह शिवमय बना दिया.

शिव-पार्वती विवाह में उमड़े भक्त

आयोजन समिति के अनुसार रात्रि में भगवान शिव-पार्वती विवाह का आयोजन किया गया, जिसे देखने के लिए आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे. इसके साथ ही रात्रि जागरण का भव्य कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें भजन-कीर्तन से पूरा क्षेत्र गूंज उठा. रात के समय मंदिर की साज-सज्जा और रोशनी ने इसकी भव्यता को और भी आकर्षक बना दिया, जिसे देखने के लिए लोगों की भीड़ देर रात तक जुटी रही. इस आयोजन को सफल बनाने में चतुर्भुज नाथ महादेव समिति के सदस्यों सहित स्थानीय ग्रामीणों की सक्रिय भूमिका रही. पूरे आयोजन ने न केवल धार्मिक आस्था को मजबूत किया, बल्कि सामाजिक एकता और सहयोग की मिसाल भी पेश की.

विज्ञापन
SHUBHASH BAIDYA

लेखक के बारे में

By SHUBHASH BAIDYA

SHUBHASH BAIDYA is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन