रक्षाबंधन पर बाजारों में सजी राखियों की रंगीन दुनिया, जानिए 10 से 470 रुपये तक की राखियों के दाम
रंग-बिरंगी राखियों से सजी दुकान की तस्वीर. | Prabhat Khabar Network
रक्षाबंधन का पर्व भाई-बहन के अटूट प्रेम का प्रतीक है. इस वर्ष 28 अगस्त को मनाया जाएगा, जानिए राखी बांधने का शुभ मुहूर्त और बाजारों में उपलब्ध विभिन्न प्रकार की राखियों की कीमतें.
रक्षाबंधन भारतीय संस्कृति का ऐसा पर्व है, जो भाई-बहन के प्रेम, विश्वास, कर्तव्य और सुरक्षा के भाव को मजबूत करता है. आधुनिक और व्यस्त जीवनशैली के बीच यह त्योहार परिवार के रिश्तों को फिर से करीब लाने का संदेश देता है. पर्व नजदीक आते ही बांका जिले के पंजवारा और बाराहाट क्षेत्र के बाजारों में राखियों की दुकानें सज गयी हैं. भेड़ामोड़ चौक, लखपुरा चौक, बजरंगबली चौक और पंजवारा हाट में सुबह से शाम तक खरीदारों की आवाजाही बढ़ गयी है.
आपके शहर में
पौराणिक कथाओं से जुड़ा है रक्षा सूत्र का महत्व
रक्षाबंधन का धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व भी काफी गहरा माना जाता है. भविष्य पुराण और विष्णु पुराण में रक्षा सूत्र की परंपरा से जुड़ी विभिन्न कथाओं का उल्लेख मिलता है. राजा बलि और मां लक्ष्मी तथा इंद्र और शची की कथाओं को भी रक्षा बंधन की परंपरा से जोड़ा जाता है.
शास्त्रीय परंपरा में रक्षा-सूत्र का संबंध केवल भाई-बहन तक सीमित नहीं रहा है. इसे गुरु-शिष्य और राजा-प्रजा के बीच सम्मान, कर्तव्य और संरक्षण के प्रतीक के रूप में भी देखा गया है.
‘येन बद्धो बलि राजा...’ मंत्र के साथ बांधा जाता है रक्षा सूत्र
रक्षाबंधन के अवसर पर रक्षा सूत्र बांधते समय ‘येन बद्धो बलि राजा...’ मंत्र के उच्चारण की परंपरा है. वहीं श्रावणी उपाकर्म के तहत आत्मशुद्धि, ऋषि पूजन, नया जनेऊ धारण और पवित्र नदियों में स्नान जैसे धार्मिक कार्य भी किये जाते हैं.
आज के डिजिटल दौर में रिश्तों के बीच बढ़ती दूरी और व्यस्त जीवनशैली के बीच रक्षाबंधन परिवार के सदस्यों को साथ बैठने और पुराने मतभेद भुलाने का अवसर भी देता है.
बाजार में कुंदन से कार्टून राखियों तक की मांग
पंजवारा और बाराहाट के बाजारों में इस बार पारंपरिक राखियों के साथ आधुनिक डिजाइन की राखियां भी उपलब्ध हैं. स्थानीय दुकानदारों के अनुसार पर्व में कुछ ही दिन शेष रहने के कारण अब खरीदारी धीरे-धीरे तेज हो रही है.
कुंदन, एडी, चंदन और रुद्राक्ष राखियां 10 से 400 रुपये तक बिक रही हैं. भैया-भाभी राखी सेट की कीमत 200 से 450 रुपये तक है. बच्चों के बीच डोरेमोन, पोकेमोन, स्पाइडर मैन और छोटा भीम जैसी कार्टून राखियों की मांग है, जिनकी कीमत 20 से 160 रुपये तक है.
वहीं जयपुरी वॉच और फैंसी डोर राखियां 350 से 470 रुपये, जबकि रेडियम राखियां 50 से 110 रुपये तक उपलब्ध हैं.
28 अगस्त को मनाया जाएगा रक्षाबंधन
आचार्य रवि किशन के अनुसार इस वर्ष रक्षाबंधन का पर्व 28 अगस्त, शुक्रवार को मनाया जाएगा. पूर्णिमा तिथि का प्रारंभ 27 अगस्त की सुबह 9:08 बजे और समापन 28 अगस्त की सुबह 9:48 बजे होगा.
राखी बांधने का शुभ मुहूर्त 28 अगस्त की सुबह 5:57 बजे से 9:48 बजे तक बताया गया है. इसकी कुल अवधि 3 घंटे 51 मिनट है. वहीं राहुकाल सुबह 10:46 बजे से दोपहर 12:22 बजे तक रहेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए