बांका में 23 सितंबर तक बदला रहेगा मौसम का मिजाज, बादल के साथ हल्की से मध्यम बारिश के आसार
आसमान में छाये बादल. | Prabhat Khabar Network
बांका में 23 सितंबर तक मौसम बदल सकता है. गरज के साथ बारिश की संभावना है. किसानों के लिए विशेष सलाह दी गई है. जानें पूरी जानकारी.
बांका. जिले में अगले पांच दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहने की संभावना है. बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर की ओर से जारी कृषि मौसम बुलेटिन के अनुसार 23 सितंबर तक आसमान में बादल छाए रहेंगे. इस दौरान जिले के एक-दो स्थानों पर गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने फिलहाल किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की है.
32 से 33 डिग्री के बीच रहेगा अधिकतम तापमान
पूर्वानुमान के अनुसार 19 से 22 सितंबर तक जिले का अधिकतम तापमान 32 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है. सुबह के समय सापेक्ष आर्द्रता 80 से 85 प्रतिशत तथा शाम में 50 से 55 प्रतिशत तक रह सकती है. इस दौरान 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दक्षिण-पूर्वी हवा चलने का अनुमान है.
23 सितंबर को 20 मिमी बारिश का अनुमान
मौसम पूर्वानुमान में 19 से 22 सितंबर तक प्रतिदिन करीब 10 मिमी बारिश होने की संभावना जतायी गयी है. वहीं 23 सितंबर को करीब 20 मिमी बारिश का अनुमान है. इस दौरान आसमान में बादल छाए रहने की संभावना अधिक रहेगी. मौसम में बदलाव का असर खेती-किसानी पर भी देखने को मिल सकता है.
कमजोर मानसून को देखते हुए वैकल्पिक फसल की सलाह
कृषि विशेषज्ञों ने कमजोर मानसून की स्थिति को देखते हुए किसानों को सूखा सहनशील मक्का और रागी की वैकल्पिक फसल लगाने की सलाह दी है. साथ ही वर्षा जल के संरक्षण पर भी जोर दिया गया है. किसानों को तालाब, चेकडैम, मेड़बंदी, रिचार्ज पिट और कुओं के संरक्षण की दिशा में काम करने की सलाह दी गयी है.
धान में समय पर करें निराई-गुड़ाई
किसानों को सिंचाई में पानी की बचत के लिए ड्रिप और स्प्रिंकलर सिंचाई पद्धति अपनाने की सलाह दी गयी है. धान की फसल में समय पर निराई-गुड़ाई करने के साथ नाइट्रोजन की टॉप ड्रेसिंग करने को कहा गया है. मौसम में बदलाव को देखते हुए किसानों को खेतों में नमी और फसल की स्थिति पर लगातार नजर रखने की सलाह दी गयी है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए