ज्वेलरी दुकानदार के घर डकैती, पांच लाख के आभूषण लूटे
Published by : SHUBHASH BAIDYA Updated At : 17 Feb 2026 6:59 PM
हथियार से लैस नकाबपोश बदमाशों ने ज्वेलरी दुकानदार राजा साह के घर धावा बोलकर लाखों रुपये की संपत्ति लूट ली.
दो संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही पुलिस
शंभुगंज. शंभुगंज थाना क्षेत्र के नहर मोड़ से आगे आरए डिग्री महाविद्यालय के समीप सोमवार की देर रात हथियार से लैस नकाबपोश बदमाशों ने ज्वेलरी दुकानदार राजा साह के घर धावा बोलकर लाखों रुपये की संपत्ति लूट ली. विरोध करने पर गृहस्वामी के साथ मारपीट भी की गयी. घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है. कुर्मा पंचायत के गढ़ी कुर्मा गांव निवासी पीड़ित ज्वेलरी दुकानदार राजा साह ने बताया कि वे शंभुगंज बाजार में आरती ज्वेलर्स नामक दुकान चलाते हैं. वहीं शंभुगंज आरए डिग्री कॉलेज के समीप मकान बनाकर परिवार के साथ रहते हैं. उनके पिता कुनकुन साह आंखों के मोतियाबिंद के ऑपरेशन के लिए नेपाल में हैं. बताया कि सोमवार की रात करीब दो बजे पांच की संख्या में नकाबपोश बदमाश पड़ोसी अजय साह के घर की ओर से उनके घर में प्रवेश कर गये. उस समय परिवार के सभी सदस्य भोजन कर सो रहे थे. घर में घुसते ही बदमाशों ने मारपीट शुरू कर दी और हथियार के बल पर परिवार को बंधक बना लिया.बदमाशों ने करीब 15 मिनट तक घर का ताला तोड़कर सभी सामान खंगाले. इस दौरान 10 हजार रुपये नकद सहित लगभग पांच लाख रुपये के आभूषण लूट लिये. घर से निकलते समय बदमाशों ने राजा साह की मां नूना देवी की कान की बाली और पत्नी सरस्वती कुमारी के गले से आभूषण भी छीन लिए.
पीड़ित ने अज्ञात के खिलाफ थाने में दर्ज करायी शिकायत
घटना की सूचना मिलते ही पुनि सह थानाध्यक्ष राज कुमार प्रसाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की. सूचना पर पुलिस कप्तान उपेंद्रनाथ वर्मा एवं एसडीपीओ अमर विश्वास ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जायजा लिया. वहीं पीड़ित राजा साह ने अज्ञात के खिलाफ थाना में शिकायत दर्ज करायी है. एसपी उपेंद्रनाथ वर्मा ने बताया कि एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर बदमाशों की अविलंब गिरफ्तारी और शीघ्र खुलासे का निर्देश दिया गया है. पुलिस आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी कर रही है. पुलिस ने बाजार के दो संदिग्ध लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है. घटना की वैज्ञानिक जांच के लिए पुलिस द्वारा भागलपुर से एफएसएल एवं डॉग स्क्वायड टीम को बुलाया गया. फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से विभिन्न स्थानों से नमूने एकत्र किए हैं. लैब में जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. पुनि सह थानाध्यक्ष राज कुमार प्रसाद ने बताया कि कुछ संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है. जल्द ही मामले का पर्दाफाश किया जायेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










