लोहागढ़ नदी पर चेक डैम के समीप सुरक्षा तटबंध को काटकर बालू का अवैध खनन

Author Md. tazim
Updated:
विज्ञापन

शंभुगंज प्रखंड क्षेत्र की जीवनदायिनी लोहागढ़ और बदुआ नदी से अवैध बालू खनन एवं उठाव का सिलसिला लगातार जारी है.

विज्ञापन

शंभुगंज. शंभुगंज प्रखंड क्षेत्र की जीवनदायिनी लोहागढ़ और बदुआ नदी से अवैध बालू खनन एवं उठाव का सिलसिला लगातार जारी है. किसानों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद प्रशासनिक स्तर पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है, जिससे खेती-किसानी और नदी सुरक्षा दोनों पर खतरा मंडरा रहा है. पकरिया पंचायत के विशनपुर गांव के समीप लोहागढ़ नदी पर किसानों की सिंचाई सुविधा के लिए करीब एक करोड़ रुपये की लागत से चेक डैम का निर्माण कराया गया था. ग्रामीणों का आरोप है कि बालू तस्कर नदी से अवैध खनन करने के साथ-साथ चेक डैम के सुरक्षा तटबंध को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं. शुक्रवार को एक किसान के खेत से होकर बालू लदा ट्रैक्टर गुजरने का विरोध करने पर किसानों और बालू तस्करों के बीच विवाद हो गया. आरोप है कि तस्करों ने किसानों के साथ गाली-गलौज की और मारपीट पर उतारू हो गए. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया. स्थिति बिगड़ती देख ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद तस्कर मौके से फरार हो गए. किसान चंदन चौधरी सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि धान की बिचड़ा बोआई का समय निकट है और खेतों की तैयारी चल रही है. बालू लदे ट्रैक्टर खेतों को रौंदकर नुकसान पहुंचा रहे हैं. किसानों का कहना है कि लगातार खनन से नदी का तल गहरा हो गया है, जिससे खेतों तक पानी पहुंचने में कठिनाई हो रही है. साथ ही तटबंध क्षतिग्रस्त होने से बाढ़ का खतरा भी बढ़ गया है. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से अवैध बालू खनन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है. इस संबंध में थानाध्यक्ष राज कुमार प्रसाद ने बताया कि अवैध बालू खनन और तस्करी के खिलाफ लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है तथा कई ट्रैक्टरों पर कार्रवाई भी की गई है.

आपके शहर में

विज्ञापन
विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन