प्रभात इंपैक्ट : सीएस के आदेश पर तैनात सभी आठ निजी सुरक्षा गार्ड हटाए गए
बाराहाट सीएचसी में महिला से मारपीट और निजी क्लीनिक भेजने के मामले में प्रशासनिक एक्शन लिया गया है. जिलाधिकारी के आदेश पर सभी आठ निजी सुरक्षा गार्डों को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है. यह कार्रवाई 'प्रभात खबर' में प्रकाशित खबर के बाद हुई है.
बाराहाट (बांका). सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाराहाट में प्रसव पीड़ा से जूझ रही महिला के साथ कथित मारपीट और उसे निजी क्लीनिक भेजे जाने के मामले में कार्रवाई का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. प्रभात खबर में शनिवार को ‘गार्ड की निगरानी में संचालित हो रहे हैं अवैध क्लीनिक’ शीर्षक से प्रकाशित खबर का असर अब सीधे सीएचसी की सुरक्षा व्यवस्था पर पड़ा है.
आपके शहर में
प्रभात खबर में छपी थी खबर
खबर का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने सीएस को सीएचसी में तैनात निजी कंपनी के सभी सुरक्षा गार्डों को तत्काल प्रभाव से अन्यत्र हटाने का निर्देश दिया. डीएम के निर्देश के बाद सीएस ने संबंधित सुरक्षा कंपनी को मामले की जानकारी देते हुए कार्रवाई का आदेश दिया. आदेश मिलते ही सामंता सिक्योरिटी के फील्ड ऑफिसर अनुप कुमार शनिवार को तत्काल सीएचसी बाराहाट पहुंचे. उन्होंने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली और सीएस के निर्देश के अनुपालन में सीएचसी में तैनात सभी आठ सुरक्षा गार्डों को तत्काल प्रभाव से वहां से हटा दिया.
गार्ड हटे तो उठने लगे कई सवाल
सीएचसी परिसर से एक साथ सभी निजी सुरक्षा गार्डों को हटाए जाने के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है. लोगों के बीच सवाल उठ रहा है कि आखिर अस्पताल परिसर की व्यवस्था में ऐसी स्थिति क्यों बनी कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन को एक साथ सभी गार्डों को हटाने का निर्देश देना पड़ा.गौरतलब है कि चौबेडी गांव की महिला मौसमी कुमारी ने प्रसव के दौरान एएनएम पर मारपीट करने और इलाज के लिए निजी क्लीनिक भेजे जाने का आरोप लगाया था.
अखबर की पहल की सराहना की
मामले में निजी क्लीनिक और अस्पताल व्यवस्था को लेकर पहले ही गंभीर सवाल खड़े हो चुके हैं. प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई के बाद अब लोगों की नजर आगे होने वाली जांच और दोषियों पर होने वाली कार्रवाई पर टिकी है. इधर, क्षेत्र के कई प्रबुद्ध लोगों ने जनहित के मुद्दे को प्रमुखता से उठाने और प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराने के लिए अखबार की पहल की सराहना की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए