शिक्षा ही सशक्त समाज की आधारशिला, जीवन में उच्च लक्ष्य जरूरी

Published by : SHUBHASH BAIDYA Updated At : 15 Feb 2026 6:17 PM

विज्ञापन

शंभुगंज प्रखंड के प्लस टू उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, वारसाबाद में मंगलवार को ट्यूनिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया

विज्ञापन

शंभुगंज के वारसाबाद स्कूल में ट्यूनिंग कार्यक्रम आयोजित

शंभुगंज. शंभुगंज प्रखंड के प्लस टू उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, वारसाबाद में मंगलवार को ट्यूनिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इसमें अतिथि विद्यालय के रूप में उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, मिर्जापुर की सहभागिता रही. कार्यक्रम ने शैक्षणिक, सांस्कृतिक और खेल गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में नयी ऊर्जा का संचार किया. कार्यक्रम की शुरुआत चेतना सत्र से हुई. प्रार्थना, प्रस्तावना, वंदे मातरम्, स्वागत गान व पीटी के साथ पूरे वातावरण में उत्साह और अनुशासन का भाव देखने को मिला. कार्यक्रम की अध्यक्षता वारसाबाद विद्यालय की प्रधानाध्यापिका लेखनी कुमारी ने की. अपने प्रेरणादायी संबोधन में उन्होंने विशेष रूप से महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने और जीवन में उच्च लक्ष्य निर्धारित करने की प्रेरणा दी. उन्होंने कहा कि शिक्षा ही सशक्त समाज की आधारशिला है. ट्यूनिंग कार्यक्रम के नोडल शिक्षक अनुराग कुमार (विज्ञान शिक्षक) ने बताया कि इसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में बौद्धिक, तकनीकी और वैज्ञानिक दक्षता का विकास करना है। उन्होंने छात्रों को नवाचार और प्रयोगधर्मिता अपनाने के लिए प्रेरित किया. विद्यालय के वरीय शिक्षक संजय यादव ने विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम और निरंतर अभ्यास का महत्व समझाया. वहीं अतिथि विद्यालय मिर्जापुर की प्रधानाध्यापिका ज्योति झा ने दोनों विद्यालयों के बीच शैक्षणिक समन्वय की सराहना करते हुए इसे ज्ञान-विनिमय की उत्कृष्ट पहल बताया. मिर्जापुर के वरीय शिक्षक सेठू कुमार ने भी छात्रों का उत्साहवर्धन किया.

छात्र-छात्राओं ने नृत्य और दहेज प्रथा पर आधारित प्रभावशाली नाटक की दी प्रस्तति

सांस्कृतिक कार्यक्रम में वारसाबाद व मिर्जापुर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने गीत, नृत्य और दहेज प्रथा पर आधारित प्रभावशाली नाटक प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब सराहना बटोरी. कार्यक्रम के अंत में दोनों विद्यालयों के बीच कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें वारसाबाद की टीम विजेता रही. इसके बाद विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया. कार्यक्रम की सफलता में वारसाबाद विद्यालय के शिक्षक सत्यम कुमार, विकास कुमार, बिहारी मंडल, अर्चना कुमारी तथा मिर्जापुर की ओर से सुनील कुमार एवं पप्पू कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही. विद्यालय की छात्राएं साक्षी कुमारी, सोनाली कुमारी, मीनाक्षी कुमारी, लक्ष्मी कुमारी तथा मिर्जापुर की अंशुइया कुमारी, प्राची कुमारी, मोनिका कुमारी एवं साक्षी कुमारी ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई.

विज्ञापन
SHUBHASH BAIDYA

लेखक के बारे में

By SHUBHASH BAIDYA

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन