सड़क में गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क, भागलपुर-हंसडीहा मुख्य मार्ग पर सफर बना जानलेवा

Updated:
विज्ञापन

भागलपुर-हंसडीहा मुख्य मार्ग

भागलपुर-हंसडीहा मुख्य मार्ग की जर्जर हालत यात्रियों के लिए मुसीबत बन गई है. बारिश के कारण बड़े-बड़े गड्ढों में पानी भर गया है, जिससे वाहन चालकों को गहराई का अंदाजा नहीं हो पा रहा और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है. स्थानीय लोग सड़क की तुरंत मरम्मत और जल निकासी व्यवस्था सुधारने की मांग कर रहे हैं.

विज्ञापन

रजौन (बांका). भागलपुर-हंसडीहा मुख्य मार्ग इन दिनों पूरी तरह बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो गया है. सड़क में गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल हो गया है. लगातार बारिश के बाद गड्ढों में जलजमाव होने से स्थिति और भी खराब हो गई है. जिस दूरी को तय करने में पहले करीब आधे घंटे लगते थे, अब उसी सफर को पूरा करने में यात्रियों को तीन से चार घंटे तक लग रहे हैं.

आपके शहर में

विज्ञापन

पानी से भरे गड्ढों में नहीं दिखती गहराई, दुर्घटना का बढ़ा खतरा

बारिश के कारण सड़क के गहरे गड्ढों में पानी भर गया है. इससे वाहन चालकों को गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता. स्थानीय लोगों के अनुसार इस कारण आए दिन छोटे-बड़े हादसे हो रहे हैं. विशेष रूप से बाइक चालकों और छोटी कारों के लिए इस मार्ग पर सफर करना बेहद चुनौतीपूर्ण हो गया है. बड़े मालवाहक वाहनों के गुजरने के दौरान भी पलटने का खतरा बना रहता है. जर्जर सड़क के कारण कई स्थानों पर भीषण जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है.

कठौन मोड़ पर गहरे गड्ढे में फंसकर खराब हुआ ट्रक

बुधवार दोपहर रजौन बाजार स्थित कठौन मोड़ के समीप जर्जर और अतिक्रमित सड़क पर बने गहरे गड्ढे में फंसकर एक भारी मालवाहक ट्रक अचानक खराब हो गया. ट्रक के बीच सड़क पर बंद होते ही मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई.

पहले से मौजूद गड्ढों, कीचड़ और जलजमाव के कारण अन्य वाहनों को साइड से निकालने में भी भारी परेशानी हुई.

दिनभर रेंगता रहा यातायात, यात्रियों को हुई भारी परेशानी

स्थानीय लोगों और प्रशासन के सहयोग से घंटों प्रयास के बाद वाहनों को धीरे-धीरे एक-एक कर निकाला गया. इस दौरान दिनभर यातायात रेंगता रहा और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.वाहन चालकों का कहना है कि खराब सड़क के कारण हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. खासकर बारिश के दौरान इस मा र्ग की स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है.

नाली और जल निकासी नहीं होने से सड़क हो रही और बदहाल

स्थानीय ग्रामीणों और व्यवसायियों का कहना है कि सड़क किनारे पक्की नाली और जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं है. इसके कारण घरों और दुकानों का पानी भी सड़क पर बहता रहता है. लगातार जलजमाव से सड़क की स्थिति और अधिक खराब होती जा रही है. लोगों का कहना है कि केवल गड्ढे भरने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा. सड़क की मरम्मत के साथ जल निकासी की व्यवस्था करना भी जरूरी है.

अविलंब सड़क मरम्मत और जल निकासी की मांग

स्थानीय लोगों, ग्रामीणों और व्यवसायियों ने बांका जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से भागलपुर-हंसडीहा मुख्य मार्ग की अविलंब मरम्मत कराने की मांग की है. साथ ही सड़क किनारे नाली और बेहतर जल निकासी की व्यवस्था करने की मांग उठाई है. लोगों का कहना है कि यदि जल्द सड़क की मरम्मत और जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो आने वाले दिनों में दुर्घटनाएं और यातायात की समस्या और गंभीर हो सकती है.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन