बांका के एकमात्र शिक्षक उमाकांत कुमार को मिलेगा राजकीय शिक्षक सम्मान-2026

Updated:
विज्ञापन

फोटो- उमाकांत कुमार | Prabhat Khabar Network

बाराहाट प्रखंड के प्रोन्नत मध्य विद्यालय खड़िहारा उर्दू के प्रधानाध्यापक उमाकांत कुमार को शिक्षक दिवस पर राजकीय शिक्षक सम्मान-2026 से नवाजा जाएगा। मधेपुरा से बांका तक ढाई दशक के शिक्षण सफर में उन्होंने शिक्षा को सामाजिक बदलाव का माध्यम बनाया।

विज्ञापन

बाराहाट (बांका). शिक्षा को केवल आजीविका नहीं, बल्कि सामाजिक बदलाव का सशक्त माध्यम मानकर बच्चों का भविष्य संवारने वाले बाराहाट प्रखंड के प्रोन्नत मध्य विद्यालय खड़िहारा उर्दू के प्रधानाध्यापक उमाकांत कुमार को शिक्षक दिवस के अवसर पर राज्य स्तर पर राजकीय शिक्षक सम्मान-2026 से सम्मानित किया जाएगा. पूरे बांका जिले से इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चयनित होने वाले वे एकमात्र शिक्षक हैं. उनकी उपलब्धि से शिक्षा जगत के साथ पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है.

आपके शहर में

विज्ञापन

मधेपुरा से बांका तक का शिक्षण सफर

मूल रूप से मधेपुरा जिले के निवासी उमाकांत कुमार वर्ष 1999 में शिक्षक के रूप में नियुक्त हुए थे. इसके बाद उन्होंने बांका को अपनी कर्मभूमि बना लिया. करीब ढाई दशक के शिक्षण सेवाकाल के दौरान उन्होंने बच्चों की शिक्षा और विद्यालय के विकास को प्राथमिकता दी.

खड़िहारा उर्दू विद्यालय की बदली शैक्षणिक तस्वीर

प्रोन्नत मध्य विद्यालय खड़िहारा उर्दू में प्रधानाध्यापक का पदभार संभालने के बाद उमाकांत कुमार ने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किया. उनके प्रयासों से विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति बढ़ी और सरकारी विद्यालय के प्रति अभिभावकों का भरोसा भी मजबूत हुआ.

वे पाठ्यक्रम आधारित शिक्षा के साथ बच्चों में अनुशासन, नैतिक मूल्यों और रचनात्मक सोच विकसित करने पर विशेष जोर देते हैं.

उमाकांत कुमार बोले, यह सम्मान पूरी शिक्षा बिरादरी का

राजकीय शिक्षक सम्मान के लिए चयनित होने पर उमाकांत कुमार ने कहा कि यह उपलब्धि केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता नहीं है. यह पूरी शिक्षा बिरादरी, सहयोगी शिक्षकों, जागरूक अभिभावकों और विद्यार्थियों के विश्वास एवं सहयोग का प्रतिफल है.

उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में आगे भी बेहतर कार्य करने और नए प्रतिमान स्थापित करने की प्रेरणा देगा.

जनप्रतिनिधियों और शिक्षाविदों ने दी बधाई

उमाकांत कुमार की उपलब्धि पर राजद के वरिष्ठ नेता मोहम्मद जमरुद्दीन, पूर्व प्रमुख राजेश यादव, प्रखंड प्रमुख खुशबू कुमारी, प्रखंड व्यापार मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार सिंह, कोऑपरेटिव बैंक अध्यक्ष जितेंद्र कुमार सिंह, जिला परिषद सदस्य नीलम सिंह एवं सिंपल देवी सहित कई जनप्रतिनिधियों और शिक्षाविदों ने बधाई दी है.

5 सितंबर को मिलेगा राज्य स्तरीय सम्मान

शिक्षक दिवस के अवसर पर 5 सितंबर को मिलने वाला राजकीय शिक्षक सम्मान उमाकांत कुमार के करीब ढाई दशक के सेवाकाल, निष्ठा और शिक्षा के प्रति समर्पण की पहचान है. पूरे बांका जिले से एकमात्र शिक्षक के रूप में उनका चयन क्षेत्र के लिए भी गौरव की बात मानी जा रही है.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन